Advertisement
ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक मंत्री अपने नेता को खुश करने का एक भी मौका नहीं छोड़ते। ऐसा ही कुछ नजारा मंगलवार को भी दिखा जब केंद्रीय उड्डयन मंत्री बमोरी विधानसभा क्षेत्र के बल्लापुर पहुंचे। यहां उन्होंने 400 KV पावर ग्रिड का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में दो कैबिनेट मंत्री सिंधिया के सामने नतमस्तक होते दिखे। एक कैबिनेट मंत्री उनके सामने दंडवत हो गए, तो दूसरे मंत्री ने उन्हें श्रीराम और खुद को हनुमान बताया।बता दें कि कैबिनेट मंत्री प्रद्युम्न तोमर और महेंद्र सिंह सिसोदिया सिंधिया समर्थक मंत्री हैं। वह सिंधिया के साथ ही कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए। कांग्रेस में रहने के दौरान और जब 2018 में कांग्रेस की सरकार बनी, इन दोनों को ही कोई खास मंत्रालय नहीं दिया गया था। सिसोदिया श्रम मंत्री बनाए गए थे, वहीं तोमर को खाद्य विभाग सौंपा गया था। यानी उन्हें मनमाफिक विभाग नहीं दिए गए थे।जब सिंधिया भाजपा में आ गए और 2020 के उप-चुनाव में ये दोनों जीतकर आए, तो इन्हें सबसे अच्छे कहे जाने वाले विभाग मिले। सिसोदिया को पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय मिला, तो वहीं तोमर ऊर्जा मंत्री बनाए गए। दोनों को अच्छे मंत्रालय मिलने के पीछे सबसे बड़ी वजह निश्चित तौर पर सिंधिया ही रहे। उनकी ही बदौलत दोनों को बड़े मंत्रालय सौंपे गए। यही कारण है कि दोनों मंत्री सिंधिया के लिए अपनी जान छिड़कते हैं।ये दोनों ही मंत्री किसी न किसी बहाने अप्रत्यक्ष रूप से सरकार पर सवाल उठाते रहे हैं। ऊर्जा मंत्री ने ग्वालियर में सड़क निर्माण के लिए जूते पहनना तक छोड़ दिया था। तीन महीनों तक वह बिना जूतों के रहे। इसे एक तरह से सरकार पर सवाल उठाना ही माना गया था। वहीं पंचायत मंत्री सिसोदिया ने पिछले वर्ष प्रदेश के प्रमुख सचिव पर ही सवाल उठा दिए थे। उन्होंने प्रमुख सचिव को निरंकुश तक कह दिया था। इसे भी अप्रत्यक्ष तौर पर सरकार पर ही हमला माना गया था। दोनों ही मंत्री समय-समय अपनी सरकार पर सवाल उठाते रहे हैं या फिर ऐसे बयान देते रहे हैं, जिससे सरकार को किरकिरी का सामना करना पड़ा।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |