Advertisement
रायपुर में 24 से 26 फरवरी तक होने जा रहे कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन के चार दिन पहले कांग्रेस ने मप्र से बनाए गए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के 99 सदस्यों की सूची जारी कर दी। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ समेत पूर्व पीसीसी चीफ दिग्विजय सिंह, सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया और अरुण यादव शामिल हैं। सोमवार को जारी एआईसीसी की सूची में परिवारवाद का जमकर बोलबाला रहा।इसमें खास तीन पिता-पुत्रों की जोड़ी है, जिनमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और उनके सांसद बेटे नकुलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह और उनके पुत्र पूर्व मंत्री जयवर्द्धन सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री व विधायक कांतिलाल भूरिया और उनके बेटे युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया का नाम है। दिग्विजय के अन्य निकटतम में उनके छोटे भाई लक्ष्मण सिंह और भतीजे प्रियव्रत सिंह का नाम भी है। सूची में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह और उनके मामा पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह का नाम भी शामिल है।एआईसीसी में 71 सदस्य निर्वाचित हुए हैं, जबकि 28 सदस्य कोआप्ट यानी समायोजित किए गया है। इस तरह सूची में सभी वरिष्ठ नेताओं और क्षेत्रीय संतुलन का पूरा ख्याल रखा गया है, ये प्रतिनिधि रायपुर अधिवेशन में शिरकत करेंगे। सूची में पारिवारिक विवादों में घिरे पूर्व मंत्री उमंग सिंघार का नाम नहीं है। अरुण यादव के भाई सचिन यादव को भी जगह नहीं मिल पाई है।वरिष्ठ विधायकों में कुंवर विक्रम सिंह नातीराजा, आलोक चतुर्वेदी, सुनील सर्राफ, बापू सिंह तवर, रामचंद्र दांगी, सुनीता पटेल, मुरली मोरवाल का नाम नहीं है। आदिवासी विधायकों में अशोक मर्सकोले, हीरालाल अलावा, पांचीलाल मेडा, सुनील उइके, विपिन वानखेड़े और कुणाल चौधरी, मनोज चावला के नाम सूची में नहीं है। राहुल के साथ भारत यात्री रही प्रतिभा रघुवंशी, भूपेंद्र मोहासा के नाम भी नहीं है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |