Advertisement
भोपाल के बीएचईएल दशहरा मैदान में शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नवनियुक्त शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के भाग्य विधाता हैं विद्यार्थी और विद्यार्थियों के निर्माता हैं शिक्षक। उन्होंने कहा कि प्रदेश की शालाओं में अध्ययनरत बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए शासकीय शालाओं के साथ शासकीय मान्यता प्राप्त सभी अशासकीय और अनुदान प्राप्त शालाओं में 5वीं और 8वीं की परीक्षाएँ बोर्ड पैटर्न पर की जाएंगी। साथ ही इन शालाओं में आंतरिक मूल्यांकन भी नियमित रूप से सुनिश्चित कराया जाएगा। बच्चों का भविष्य गढ़ने का दायित्व शिक्षकों पर है। देश और प्रदेश का निर्माण वैसा ही होगा जैसा शिक्षक बच्चों को गढ़ेगें। यह कार्यक्रम शिक्षकों के सम्मान और उन्हें प्रणाम करने के उद्देश्य से ही किया गया है। इस कार्यक्रम में जनजातीय कार्य मंत्री मीना सिंह मांडवे और स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) इंदर सिंह परमार मौजूद रहे । सरस्वती वंदना और मध्यप्रदेश गान के बाद मुख्यमंत्री शिवराज ने दीप प्रज्ज्वलन किया और कन्या-पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया ।
कार्यक्रम के शुभारंभ के बाद शिवराज ने अपने सम्बोधन में कहा "गुरूर्ब्रह्मा गुरूर्विष्णुः गुरूर्देवो महेश्वरः, गुरू साक्षात्परब्रह्म तस्मै श्री गुरवे नमः" के भाव को मैंने बचपन से आत्मसात किया है। भारत की संस्कृति "गुरू गोविन्द दोऊ खड़े, काके लागू पाय - बलिहारी गुरू आपने, गोविन्द दियो बताय" के विचार को व्यवहार में लाने वाली संस्कृति है। गुरू हमारे लिए सर्वोपरि हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने शिक्षकों के सम्मान में माथा टेक कर अपना संबोधन आरंभ किया। उन्होंने कहा कि राज्य शासन शिक्षकों का मान-सम्मान बनाए रखने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा। विद्यार्थियों की प्रतिभा के सम्पूर्ण प्रकटीकरण का दायित्व शिक्षकों पर है। शिक्षक नौकर नहीं, बच्चों का भविष्य गढ़ने वाले गुरू हैं। उनके मार्गदर्शन और उनके द्वारा दी गई शिक्षा का ही परिणाम होता है कि व्यक्ति, समाज के पथ प्रदर्शन में सक्षम हो जाता है। उन्होंने कहा विद्यार्थियों को उनकी भाषा में शिक्षा देना आवश्यक है। इससे उनकी स्वाभाविक प्रतिभा प्रकट होती है। अपनी भाषा के गौरव को स्थापित करना आवश्यक है। हमें बच्चों को अंग्रेजी के भय से मुक्त करने की दिशा में भी कार्य करना है। प्रदेश में हिन्दी भाषा में मेडिकल की पढा़ई शुरू करने की व्यवस्था की जा रही है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |