Advertisement
भाजपा का पूरा कार्यालय गुरुवार को जनजातीय रंग में रंगा रहा। यहां सीएम शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि जैसा कभी सपने में भी नहीं सोचा था, वैसा सम्मान भाजपा ने आदिवासी समाज को दिया है। दरअसल राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू का नाम चयनित होने पर भाजपा की ओर से यहां गुरुवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आभार कार्यक्रम हुआ। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार व्यक्त किया गया। सीएम ने कहा, आजादी के बाद इतने सालों तक कांग्रेस वोट के लिए जनजातीय समाज का सिर्फ शोषण करती रही, कभी उनकी भलाई के लिए नहीं सोचा।ज्ञात हो कि जबलपुर में राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू संगमरमर वादियों में नौका विहार कर चुकी हैं। नाव में बैठने से पहले उन्होंने चप्पल उतार दी थीं। प्रोटोकॉल में तैनात प्रशासनिक अधिकारियों से कहा था कि मैया नर्मदा की गोद में ऐसे ही जाऊंगी। धुआंधार देखकर वे बोली थीं, अप्रतिम। यहां शांति का अनुभव हो रहा है। भेड़ाघाट में उन्होंने लगभग 45 मिनट का समय बिताया था। 30 अप्रेल 2017 को वे एक कार्यक्रम में शामिल होने जबलपुर आई थीं। तब वे झारखंड की राज्यपाल थीं। वहीं दूसरी ओर राजग की राष्ट्रपति प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को भुवनेश्वर से दिल्ली पहुंचीं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। वह शुक्रवार को नामांकन दाखिल कर सकती हैं। उनका मुकाबला विपक्ष के साझा प्रत्याशी पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा से होगा। सिन्हा 27 जून को नामांकन दाखिल करेंगे। दिल्ली में वह प्रधानमंत्री से मिलने उनके निवास पहुंचीं। मुलाकात के बाद मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। राष्ट्रपति पद के लिए उनके चयन को समाज के सभी वर्गों ने सराहा है। जमीनी समस्याओं और भारत के विकास के लिए उनकी समझ उत्कृष्ट है।’ मीडिया से चर्चा में द्रौपदी मुर्मू की बेटी इतिश्री ने कहा कि मां राष्ट्रपति बनने जा रही हैं। यह अब भी अविश्वसनीय लग रहा है। ओडिशा के एक बैंक में कार्यरत इतिश्री ने कहा कि हमने कभी सोचा नहीं था कि ऐसा भी हो सकता है। मां को भी यह भरोसा नहीं था। द्रौपदी मुर्मू के सामने यशवंत सिन्हा का पलड़ा कमजोर दिखाई दे रहा है। साझा विपक्ष प्रत्याशी होने के बाद भी उनके पास अभी 3,70,709 वोट हैं। राजग के पास 5,26,420 मत हैं। मुर्मू को जीतने के लिए 5,39,420 मतों की जरूरत है। ओडिशा से आने के कारण मुर्मू को बीजू जनता दल (31,000 मत) का समर्थन मिल रहा है। अगर वाइएसआर कांग्रेस भी साथ आती है तो उसके 43,000 मत उनके साथ होंगे। झारखंड मुक्ति मोर्चा का समर्थन मिला तो मुर्मू को करीब 20,000 वोट और मिल जाएंगे।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |