Advertisement
भोपाल। प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने भोपाल के विभिन्न संजीवनी क्लीनिकों का बुधवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संजीवनी क्लीनिक रोशनपुरा, गिन्नौरी, बरखेड़ी एवं नया बसेरा में उपलब्ध सेवाओं की जानकारी ली गई।
संजीवनी क्लीनिक के माध्यम से मूलभूत स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य एवं संचारी रोगों की सेवाओं को उपलब्ध करवाया जा रहा है। भ्रमण के दौरान मंत्री डॉ. चौधरी द्वारा संजीवनी क्लीनिक में उपलब्ध दवाइयों एवं पैथोलॉजी जांच की जानकारी ली गई और उपलब्ध सेवाओं के संबंध में संतोष व्यक्त किया गया। इस दौरान मरीजों से चर्चा कर संजीवनी क्लीनिक की सेवाओं के संबंध में फीडबैक लिया गया एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में बढ़ोतरी हेतु मरीजों से सुझाव लिए गए।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि शहरी आबादी, विशेष रुप से गरीब एवं अन्य वंचित वर्गों को स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के उद्देश्य से संजीवनी क्लीनिक का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 15वें वित्त आयोग द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु स्वास्थ्य अनुदान प्रदान किए जाने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में यूनिवर्सल हेल्थ केयर के महत्व और स्वास्थ्य सेवाओं की प्रदायगी सुनिश्चित करने के लिए शहरी स्थानीय निकाय की भूमिका को महत्वपूर्ण माना गया है। स्वास्थ्य अनुदान अंतर्गत शहरी स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु शहरी स्वास्थ्य सेवाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा 20 से 25 हज़ार की जनसंख्या पर मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक की स्थापना किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |