Advertisement
उमरिया। भगवान श्रीराम ने समाज को जीने की कला सिखाई। उन्होंने यह भी सिखाया कि समाज एवं परिवार के प्रत्येक व्यक्ति के प्रति अपना कैसा व्यवहार हो, उसका निर्वहन के लिए हमें त्याग कैसे करना चाहिए। इसी कारण से उन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम कहा जाता है। हम सब सौभाग्यशाली हैं कि भगवान के चरण बांधवभूमि पर पड़े। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संस्कृति विभाग का आयोजन कर रामनवमी पर्व के उत्साह को बढ़ा दिया है। आगे दीपोत्सव पर्व भी मनाया जाएगा। इस तीन दिवसीय पर्व में अधिक से अधिक लोग सहभागी बने।
यह बात प्रदेश की जनजातीय मंत्री मीना सिंह ने शुक्रवार देर शाम ताला बांधवगढ़ मुख्यालय में श्री राम पथ गमन मार्ग पर संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय प्राकट्य पर्व के शुभारंभ अवसर पर कही। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने कलाकारों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
इस अवसर पर कलेक्टर की धर्म पत्नी रूचि श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर अशोक ओहरी, एसडीएम सिद्दार्थ पटेल, जनपद सीईओ राजेन्द्र शुक्ल, तहसीलदार रमेश परमार, मिथलेश पास, आशुतोष अग्रवाल, राजेन्द्र तिवारी, सुरेश तिवारी, लक्ष्मण सिंह सहित जन प्रतिनिधि, आमजन तथा पत्रकार उपस्थित रहे।
कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने कहा कि जिले में राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों द्वारा भक्ति संध्या आयोजित की जा रही है, जो 10 अप्रैल तक ख्याति लब्ध कलाकारों के द्वारा दिया जायेगा। सभी लोग अवसर का लाभ उठाएं। कार्यक्रम का शरद शर्मा गंजबासौदा के दल ने गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम का आगाज किया। इसके बाद भगवान श्री राम के आदर्शों, शबरी प्रसंग पर भक्ति से ओतप्रोत गीतों की प्रस्तुति दी गई। श्रोता देर रात तक भक्ति गीतों से झूमते रहे।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |