भोपाल। राजधानी भोपाल स्थित प्रशासन अकादमी में शनिवार, 22 फरवरी को 'जलवायु परिवर्तन के खतरों का सामना करना' और 'वनों पर आश्रित समुदाय को रोजगार के साधन उपलब्ध कराने में वनों की भूमिका' पर केन्द्रित वानिकी सम्मेलन - 2020 का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन का शुभारंभ मुख्यमंत्री कमलनाथ करेंगे।
वन विभाग की जनसंपर्क अधिकारी सुनीता दुबे ने बुधवार को बताया कि इस वानिकी सम्मेलन में प्रदेश संवर्ग के भारतीय वन सेवा अधिकारी भाग लेंगे। सम्मेलन में वानिकी प्रबंधन से जुड़े विषयों के साथ वानिकी द्वारा रोजगार मूलक गतिविधियों के क्रियान्वयन की रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
सुनीता दुबे ने बताया कि अपर मुख्य सचिव वन ए.पी. श्रीवास्तव ने वन अधिकारियों को सम्मेलन में वैज्ञानिक आधार पर विजन-टू-डिलेवरी रोड़ मैप 2020-2025 के अनुरूप अनुशंसाएं रखने के निर्देश दिए हैं। आयोजन के पूर्व 'वानिकी सेक्टर से अपेक्षाएं', 'जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने में वानिकी का योगदान', 'वनाश्रितों को रोजगार' तथा आधुनिक तकनीक का उपयोग एवं कार्य का संचालन' विषय पर क्षेत्रीय इकाईयों में पदस्थ वन अधिकारियों के समूह बनाकर विस्तृत चर्चा कर अनुशंसाएं प्राप्त की जाएंगी।