भोपाल। अपने विवादित बयानों के लिये ख्यात वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय एक बार फिर अपने बयानों को लेकर घिरते नजर आ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बारे में दिये गए बयानों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक रामेश्वर शर्मा ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि क्या दिग्विजयसिंह को मदरसों में पल रहा आतंकवाद दिखाई नहीं देता?
भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने दिग्विजयसिंह के बयानों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए गुरुवार को कहा है कि सरस्वती शिशु मंदिर को दिग्विजय सिंह के प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है । सरस्वती शिशु मंदिर में शिक्षा के साथ साथ राष्ट्रभक्ति, वंदेमातरम, भगवा और राष्ट्रीय ध्वज को प्रणाम करना सिखाया जाता है। विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि दिग्विजय सिंह को मदरसों में पल रहा आतंकवाद नही दिखता, जहां तिरंगा जलाया जाता है, वंदेमातरम का विरोध करने वालों के साथ दिग्विजय सिंह मंच साझा करते हैं। दिग्विजय की ही पार्टी के नेता वन्देमातरम गाने का विरोध करते हैं और दिग्विजय ताली बजाते हैं। विधायक शर्मा ने कहा कि यह वही दिग्विजय सिंह है जो ओसामा बिन लादेन और हाफ़िज़ सईद जैसे आतंकियों को "जी" लगाकर सम्मान देते हैं । ये वही दिग्विजय सिंह हैं, जिन्हें भगवा में आतंकवाद दिखाई देता है । रामेश्वर शर्मा ने कहा कि दिग्विजय सिंह उन लोगों की मदद करना चाहते हैं जो तिरंगा जलाते हैं, जो भारत तेरे टुकड़े होंगे के नारे लगाते हैं, देशविरोधी गतिविधियों को संरक्षण देने का काम करते हैं। शर्मा ने कहा कि दिग्विजयसिंह सरस्वती शिशु मंदिरों को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन शिशु मंदिरों को उनके सर्टिफिकेट की जरुरत नहीं है।