ग्वालियर। मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने जेएनयू में हुई हिंसा और तोडफ़ोड़ के लिए केन्द्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाए है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा है कि गृहमंत्री अमित शाह के इशारे पर यह सब हो रहा है।
रविवार रात एक निजी कार्यक्रम शिरकत करने ग्वालियर पहुंचे पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने जेएनयू हिंसा पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश के प्रतिष्ठित और सर्वमान्य विश्वविद्यालय में इस तरह की घटना की मैं निंदा करता हूं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि यह सब केन्द्र सरकार के इशारों पर हो रहा है। गुंडे लड़कियों के हॉस्टल में घुसे और उन्होंने अध्यक्ष का सिर फोड़ दिया। दिग्विजय सिंह यही नहीं रूके उन्होंने केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह सब उन्हीं के निर्देशन में हो रहा है।
वहीं राम मंदिर के गठन के लिए ट्रस्ट के सवाल पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि रामालय ट्रस्ट बनना चाहिए, जिसमें सभी 18 शंकराचार्य रहें। भाजपा द्वारा घर घर जाकर सीएए और एनआरसी का मतलब समझाने के सवाल पर दिग्गी ने कहा कि पहले भाजपा खुद समझ ले कि उनके मतदाता को क्या क्या परेशानी आने वाली हे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के नेताओं को खुद पता नहीं है कि सीएए और एनआरसी क्या है।