भोपाल। मध्यप्रदेश में यूरिया का संकट गहराता जा रहा है। किसान परेशान हैं। वे सुबह से देर शाम तक यूरिया वितरण केंद्रों पर लाइन लगाकर खड़े रहते हैं, इसके बावजूद उन्हें यूरिया नहीं मिल रहा है। यूरिया संकट को लेकर भाजपा शनिवार, 14 दिसम्बर को प्रदेशभर में प्रदर्शन करेगी। यह जानकारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में दी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने मध्यप्रदेश को पर्याप्त मात्रा में यूरिया दिया है और यह यूरिया प्रदेश सरकार के पास है। इसके बावजूद यह सरकार अपने कुप्रबंधन के चलते किसानों को यूरिया उपलब्ध नहीं करा पा रही है। प्रदेश के किसानों पर कमलनाथ सरकार द्वारा किए जा रहे इस अत्याचार को पार्टी सहन नहीं करेगी और इसका पुरजोर विरोध किया जायेगा। इसीलिए शनिवार, 14 दिसम्बर को पार्टी के कार्यकर्ता किसानों के साथ खेत धरना देकर जोरदार प्रदर्शन करेंगे।
राकेश सिंह ने कहा कि कमलनाथ सरकार के छल का सबसे बड़ा शिकार प्रदेश का अन्नदाता हुआ है। इस सरकार ने पहले कर्जमाफी का छलावा किया, फिर मुआवजे की धोखाधड़ी की और अब यूरिया के लिए किसानों पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। कमलनाथ सरकार की किसान विरोधी नीतियों एवं यूरिया की वर्तमान किल्लत के खिलाफ भाजपा खेत धरना आयोजित कर रही है। उन्होंने बताया कि भाजपा आगामी 14 दिसंबर को पूरे प्रदेश में खेत धरना आयोजित करेगी। यह धरना उन सोसायटियों पर भी दिया जायेगा, जहां किसानों के साथ यूरिया के बदले में दुर्व्यवहार हो रहा है और मारपीट की जा रही है। इसके अलावा कृषि उपज मंडियों पर भी पार्टी कार्यकर्ता किसानों के साथ धरना देंगे।