Advertisement
भोपाल, 25 नवंबर 2026
यौन हिंसा से पीड़ित बच्चों को संकट की घड़ी में अब एक भरोसेमंद साथी मिलेगा, जिसके सामने वे बिना भय और संकोच के अपनी बात कह सकेंगे। मध्यप्रदेश में बाल संरक्षण के लिए शुरू की गई ‘शौर्या दीदी’ पहल पीड़ित बच्चों को मानसिक संबल देने, उनमें सुरक्षा का भाव जगाने और न्याय एवं पुनर्वास की प्रक्रिया में सहयोग देने का माध्यम बनेगी।
मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की किशोर न्याय समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति आनंद पाठक ने इस पहल को पूरे प्रदेश में विस्तारित करने का सुझाव दिया है। बुधवार को पॉक्सो अधिनियम के तहत यौन हिंसा से पीड़ित बच्चों की सहायता के लिए नामांकित ‘शौर्या दीदियों’ का एक दिवसीय क्षमतावर्धन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण किशोर न्याय समिति की 11 जुलाई 2026 की बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन में किया गया।
न्यायमूर्ति पाठक ने शौर्या दीदियों से पीड़ित बच्चों की सहायता और संरक्षण में ध्वजवाहक की भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस अवधारणा को सभी जिलों तक पहुंचाया जाए, ताकि पीड़ित बच्चों को संवेदनशील सहायता और उचित मार्गदर्शन मिल सके। इस पहल का उद्देश्य कानूनी सहायता के साथ पीड़ित बच्चों को भावनात्मक और मनो-सामाजिक संबल देना है, ताकि वे आघात से उबरकर सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण में जीवन को नई दिशा दे सकें।
प्रशिक्षण में नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी, गांधीनगर की वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी सुश्री ठकराल ने मनो-सामाजिक प्राथमिक उपचार और संकट के समय संवाद कौशल की बारीकियां समझाईं। उन्होंने ‘लुक, लिसन एंड लिंक’ यानी बच्चे की स्थिति को समझने, संवेदनशीलता से उसकी बात सुनने और उसे आवश्यक सहायता सेवाओं से जोड़ने की प्रक्रिया पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि पीड़ित बच्चे से पहला संपर्क सबसे महत्वपूर्ण होता है और शौर्या दीदी का व्यवहार बच्चे के मन से भय और तनाव दूर कर उसका विश्वास जीतने में सहायक हो सकता है। यूनिसेफ मध्यप्रदेश के बाल संरक्षण अधिकारी गोविंद बेनीवाल ने पॉक्सो अधिनियम के तहत पीड़ित बच्चों के लिए उपलब्ध सहायक सेवाओं की जानकारी दी।
प्रशिक्षण में ग्वालियर, भिंड, मुरैना, गुना, दतिया, विदिशा, शिवपुरी, मंडला, रायसेन, हरदा, बैतूल और नर्मदापुरम जिलों की ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क प्रभारी, शौर्या दल की सदस्य, चयनित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं बाल कल्याण समिति के सदस्यों सहित 100 प्रतिभागी शामिल हुए। एनएफएसयू में प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स ने प्रतिभागियों का क्षमतावर्धन किया। इस अवसर पर किशोर न्याय समिति के रजिस्ट्रार अनिल कुमार भी उपस्थित थे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |