Video

Advertisement


सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा ललितपुर से आगे बढ़ी, दिग्विजय सिंह के साथ चले सपा के पूर्व सांसद चंद्रपाल याद
digvijay singh

 

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा रविवार को ललितपुर जिले में आगे बढ़ी। यात्रा के 29वें दिन चंद्रापुर चौराहा स्थित सिद्धबाबा स्थान से सुबह पदयात्रा शुरू हुई।

यात्रा शुरू करने से पहले धर्मरथ में विराजमान प्रभु श्रीरामलला सरकार, पार्थिव शिवलिंग और पवित्र नदियों के जल से सुशोभित कलशों का विधि-विधान से पूजन, अभिषेक और आरती की गई। इसके बाद राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराकर सलामी दी गई। यात्रा में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और झांसी लोकसभा के पूर्व सांसद डॉ. चंद्रपाल सिंह यादव भी शामिल रहे और उन्होंने दिग्विजय सिंह के साथ कदम से कदम मिलाकर चले।

 

रविवार सुबह शुरू हुई पदयात्रा सुनौरी, राधापुर जोड़, करैंगा जोड़, हिंगौरा और विजयपुरा ढाबा होते हुए आगे बढ़ी। दोपहर में विजयपुरा ढाबा पर भोजन और विश्राम के बाद यात्रा फिर शुरू हुई। इसके बाद पदयात्रा विजयपुरा चमरोला, विजयपुरा और ग्राम पूराकलां होते हुए शंकरगढ़ स्थित भोले बाबा मंदिर पहुंची। शाम को ग्राम पूराकलां में पदयात्रा का विश्राम हुआ। यात्रियों के रात्रि भोजन और ठहरने की व्यवस्था भी ग्राम पूराकलां में की गई है।

 

ललितपुर जिले में पांच दिवसीय प्रवास के समापन पर दिग्विजय सिंह ने स्थानीय लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से गुड्डू राजा बुंदेला का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने पूरे पांच दिनों तक यात्रा और सभी पदयात्रियों का जिस आत्मीयता और सम्मान के साथ स्वागत-सत्कार किया, वह अविस्मरणीय है। ऐसा लगा मानो उनके घर कोई बारात आई हो। उनके परिवार का स्नेह, अपनत्व और आतिथ्य हमेशा स्मृतियों में बना रहेगा।

 

दिग्विजय सिंह ने ललितपुर के कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का भी आभार जताया, जिन्होंने यात्रा मार्ग में जगह-जगह गर्मजोशी से स्वागत किया और समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि लोगों का प्रेम, सम्मान और अपनत्व जीवनभर याद रहेगा।

 

यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा वोट चोरी के विरुद्ध लोकतंत्र की रक्षा और चंदा चोरी के विरुद्ध सनातन आस्था के सम्मान का जनसंकल्प है। जनता के वोट की पवित्रता और श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान दोनों महत्वपूर्ण हैं। हमारी मांग है कि वोट चोरी और मंदिरों में प्राप्त दान और चढ़ावे में हेराफेरी के मामलों की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और निष्पक्ष चुनाव के लिए ईवीएम के स्थान पर मतपत्र से मतदान की व्यवस्था लागू की जाए।

 

उन्होंने कहा कि सनातन धर्म अनंत, शाश्वत और सर्वसमावेशी है। यह किसी को तोड़ने या बांटने का नहीं, बल्कि सबको साथ लेकर चलने और जोड़ने का संदेश देता है। सनातन परंपरा सत्य, करुणा, प्रेम, सहिष्णुता और सद्भाव की शिक्षा देती है। सनातन धर्म नफरत नहीं, प्रेम, विभाजन नहीं, एकता और भेदभाव नहीं, समभाव सिखाता है। यही सनातन की वास्तविक शक्ति और हमारा स्वाभिमान है।

 

यात्रा के माध्यम से दिग्विजय सिंह धार्मिक स्थलों, संतों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से संवाद करते हुए धार्मिक स्थलों की व्यवस्था में पारदर्शिता, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों का संदेश जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। यात्रा की शुरुआत 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद हुई थी।

Kolar News 23 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.