Advertisement
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने गौवंश की अवैध तस्करी के विरुद्ध बैतूल और सिवनी में दो बड़ी कार्रवाइयों में 109 गौवंश को मुक्त कराया। एक आरोपी गिरफ्तार किया गया और 54 लाख रुपये से अधिक कीमत के वाहन और गौवंश जब्त किए गए। मुक्त गौवंश को गौशालाओं में पहुंचाकर उपचार और देखरेख की व्यवस्था की गई। थाना सांईखेड़ा पुलिस को सूचना मिली कि एनएच-47 के रास्ते ट्रक में बड़ी संख्या में गौवंश को अवैध रूप से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। पुलिस ने ससुन्द्रा आरटीओ चेक पोस्ट के पास घेराबंदी कर ट्रक को रोका। पुलिस को देखकर चालक फरार हो गया।
तलाशी में ट्रक में 51 बैल और बछड़े रस्सियों से बंधे और क्रूरतापूर्वक ठूंसकर भरे मिले। पुलिस ने सभी को मुक्त कराकर पारसडोह गौशाला पहुंचाया। गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर चालक की तलाश की जा रही है। कार्रवाई में ट्रक और गौवंश सहित कुल 34 लाख 08 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित सक्सेना के निर्देशन में हुई।
*सिवनी : कंटेनर में बंधे मिले 58 गौवंश मुक्त*
थाना छपारा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बंजारी माता मंदिर के पास घेराबंदी कर एक कंटेनर को रोका। तलाशी में कंटेनर में 58 गौवंश के पैर और मुंह बंधे हुए मिले। पुलिस ने सभी को मुक्त कराकर पिंडरई गौशाला पहुंचाया।
पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर कंटेनर और गौवंश सहित लगभग 20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की। गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और मोटरयान अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन में हुई।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि गौवंश के अवैध परिवहन या पशुओं के साथ क्रूरता की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने या डायल-112 पर सूचना दें।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |