Advertisement
भोपाल, 25 नवंबर 2026
मध्यप्रदेश में जनगणना-2027 को समयबद्ध, सुव्यवस्थित और पूर्ण सटीकता के साथ संपन्न कराने की तैयारियों के तहत मंगलवार को भोपाल स्थित आर.सी.व्ही.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में राज्य स्तरीय सम्मेलन और प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। जनगणना कार्य निदेशालय, मध्यप्रदेश एवं गृह विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस सम्मेलन में प्रदेश के मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय कुमार शुक्ला, भारत सरकार के जनगणना उप महानिदेशक विश्वजीत दास सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने सहभागिता की।
सम्मेलन में प्रदेश के सभी संभागायुक्तों, 55 जिलों के कलेक्टर्स, नगर निगम आयुक्तों एवं जनगणना कार्य से जुड़े राज्य एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को आगामी जनगणना की तैयारियों, प्रशासनिक दायित्वों, डिजिटल तकनीक और प्रशिक्षण व्यवस्था के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य जनगणना के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) में प्रदेश की उपलब्धियों की समीक्षा करने के साथ द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) की तैयारियों को अंतिम रूप देना तथा डिजिटल स्व-गणना की प्रक्रिया से प्रशासनिक अमले को अवगत कराना रहा। सम्मेलन में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं, बल्कि आगामी वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, अधोसंरचना, रोजगार, परिवहन और आर्थिक विकास से जुड़ी योजनाओं के निर्माण और संसाधनों के उचित आवंटन का महत्वपूर्ण आधार है।
*जनगणना कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के दिए निर्देश*
मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने अपने संबोधन में कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़ों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता का देश एवं प्रदेश की विकास योजनाओं पर सीधा प्रभाव पड़ता है। देश की विशाल आबादी के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी नियोजन प्रामाणिक आंकड़ों पर निर्भर करता है। यदि आंकड़ों के संकलन का आधार कमजोर होगा, तो उसके आधार पर बनाई जाने वाली नीतियां और योजनाएं भी प्रभावित होंगी। इसलिए जनगणना कार्य को अत्यंत गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराया जाना आवश्यक है।
मुख्य सचिव ने सभी जिला कलेक्टर्स को निर्देश दिए कि वे फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में स्वयं उपस्थित रहें और प्रशिक्षण की जिम्मेदारी केवल अधीनस्थ अधिकारियों पर नहीं छोड़ें। उन्होंने कहा कि जनगणना के मैदानी कार्य की गुणवत्ता प्रशिक्षण पर निर्भर करती है, इसलिए प्रारंभिक स्तर से ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सभी दिशा-निर्देशों की स्पष्ट जानकारी होना आवश्यक है। शहरी क्षेत्रों में जनगणना कार्य की जटिलता को देखते हुए नगर निगम आयुक्त स्वयं नेतृत्व एवं पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी संभालें। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रस्तावित जनसंख्या गणना के मैदानी कार्य को प्रशासनिक प्राथमिकताओं में सर्वोच्च स्थान दिया जाए। कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता सामने आने पर प्रारंभिक स्तर पर ही आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्य सचिव ने जनगणना के आंकड़ों के बहुआयामी विश्लेषण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े महिला कार्यबल सहभागिता, प्रति व्यक्ति आय, कौशल विकास एवं रोजगारपरक नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
मुख्य सचिव बर्णवाल ने जनगणना कार्य निदेशालय को भारत सरकार द्वारा जारी 31 से अधिक परिपत्रों एवं दिशा-निर्देशों को एकीकृत कर एक समग्र हैंडबुक तैयार करने के निर्देश भी दिए, जिससे मैदानी अधिकारियों को सभी आवश्यक जानकारियां एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें।
*प्रथम चरण में मध्यप्रदेश का उत्कृष्ट प्रदर्शन, देश के अग्रणी राज्यों में शामिल*
अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय कुमार शुक्ला ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि मध्यप्रदेश ने जनगणना के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकान गणना) में देश के अग्रणी राज्यों में स्थान प्राप्त किया है। अब द्वितीय चरण में प्रदेश को देश में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े केवल जनसंख्या संबंधी जानकारी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनका उपयोग विभिन्न क्षेत्रों की आवश्यकताओं एवं विकास की संभावनाओं का आकलन करने में किया जाता है। उन्होंने बताया कि ऑटोमोबाइल क्षेत्र में दोपहिया वाहनों की 18 प्रतिशत वार्षिक वृद्धि दर के आंकड़ों के विश्लेषण से ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति, सिंचाई के विस्तार, फसल चक्र में बदलाव और किसानों की ग्रामीण अधिशेष आय जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं का आकलन किया जा सकता है। इसी प्रकार स्कूल, अस्पताल, सड़क, सार्वजनिक परिवहन और उपभोक्ता वस्तुओं की मांग से संबंधित योजनाओं के निर्माण में भी प्रामाणिक आंकड़े महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने सभी जिला अधिकारियों से भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन करने, आपसी समन्वय बनाए रखने तथा अन्य राज्यों की उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों का अध्ययन कर उन्हें प्रदेश में अपनाने का आग्रह किया।
*पहली बार पूरी तरह डिजिटल माध्यम से होगी जनगणना*
भारत सरकार के जनगणना उप महानिदेशक विश्वजीत दास ने जनगणना-2027 की राष्ट्रीय रूपरेखा, तकनीकी नवाचारों, वैधानिक प्रावधानों एवं डेटा सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनगणना के दौरान नागरिकों से प्राप्त व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। जनगणना के आंकड़े परिसीमन, वित्त आयोग की सिफारिशों तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण आधार प्रदान करते हैं।
उन्होंने बताया कि इस बार पहली बार जनगणना की संपूर्ण प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संपन्न की जा रही है। प्रगणक मोबाइल ऐप के माध्यम से जानकारी संकलित करेंगे। वहीं, प्रगणन ब्लॉकों के डिजिटल सीमांकन एवं भौगोलिक कवरेज की निगरानी के लिए डिजिटल मैपिंग एप्लीकेशन तथा प्रशासनिक मॉनिटरिंग के लिए CMMS पोर्टल का उपयोग किया जाएगा। इससे प्रत्येक क्षेत्र और मकान का रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से दर्ज करने तथा जनगणना कार्य की प्रगति की निगरानी करने में सुविधा होगी।
सम्मेलन में जनगणना कार्य निदेशालय, मध्यप्रदेश के निदेशक संजीव श्रीवास्तव एवं अपर सचिव (गृह) एवं राज्य नोडल अधिकारी आशीष भार्गव ने विभिन्न तकनीकी एवं प्रशिक्षण सत्रों का संचालन कर प्रशिक्षण दिया।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |