Advertisement
मध्यप्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा सिर्फ आपातकालीन कॉल पर पहुंचने वाली सेवा नहीं है, बल्कि संकट में फंसे लोगों के लिए सुरक्षा, सहारा और मानवीय संवेदनशीलता का प्रतीक बन चुकी है। इसका ताजा उदाहरण भोपाल, गुना और खरगोन में देखने को मिला, जहां डायल-112 के जवानों ने तत्परता और संवेदनशीलता दिखाते हुए घर का रास्ता भटके 5 वर्षीय मासूम, रास्ता भटकी 35 वर्षीय महिला और पंचक्रोशी यात्रा के दौरान जंगल में बिछड़ी 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला को सकुशल उनके परिजनों और साथियों तक पहुंचाया।
तीनों ही घटनाएं अलग-अलग परिस्थितियों की थीं, लेकिन तीनों में एक बात समान थी - सूचना मिलते ही डायल-112 की त्वरित प्रतिक्रिया और जवानों का मानवीय दृष्टिकोण।
*भोपाल - खेलते-खेलते घर का रास्ता भूला मासूम*
पहली घटना राजधानी भोपाल की है। थाना ऐशबाग क्षेत्र के पुष्पा नगर स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास एक 5 वर्षीय बालक अकेला घूमता हुआ मिला। वह खेलते-खेलते घर से काफी दूर निकल आया था और घर का रास्ता भूल गया था। घबराया हुआ मासूम अपने घर और परिजनों के बारे में ठीक से कुछ बता भी नहीं पा रहा था।
स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को दी। सूचना मिलते ही एफआरव्ही वाहन को तुरंत रवाना किया गया। प्रधान आरक्षक गौरव प्रताप सिंह और पायलट हेमंत दुबे मौके पर पहुंचे और बालक को सुरक्षित संरक्षण में लिया। उन्होंने पहले उसे शांत कराया, फिर आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पूछताछ में पता चला कि बालक के परिजन रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पास रहते हैं। डायल-112 जवान बालक को एफआरव्ही वाहन से उसके घर लेकर पहुंचे। वहां पहचान और सत्यापन के बाद मासूम को सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया गया। परिजनों ने पुलिस की इस त्वरित सहायता के लिए आभार व्यक्त किया।
*गुना - अंधेरे में रास्ता भटकी महिला को मिला सहारा*
दूसरी घटना गुना जिले की है। थाना कोतवाली क्षेत्र में एक होटल के पास 35 वर्षीय महिला अकेली बैठी मिली। वह काफी घबराई हुई थी और ठीक से कुछ बता नहीं पा रही थी। लोगों ने डायल-112 को सूचना दी।
सूचना पर आरक्षक विकास परिहार और पायलट हिदायतुल्लाह मौके पर पहुंचे और महिला को सुरक्षित संरक्षण में लिया। धैर्यपूर्वक पूछताछ करने पर महिला ने बताया कि वह नई तहसील रोड स्थित मॉडर्न स्कूल के पास रहती है और अंधेरा होने के कारण रास्ता भटक गई थी।
डायल-112 जवान महिला को एफआरव्ही वाहन से बताए गए पते पर लेकर पहुंचे और पहचान व सत्यापन के बाद परिजनों के सुपुर्द किया। अंधेरी रात में अकेली महिला के लिए डायल-112 की यह मदद किसी वरदान से कम नहीं थी।
*खरगोन - जंगल में बिछड़ी बुजुर्ग महिला की तलाश*
तीसरी घटना सबसे चुनौतीपूर्ण थी। खरगोन जिले के थाना बड़वाह क्षेत्र में पंचक्रोशी यात्रा में शामिल 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला अपने साथियों से बिछड़कर जंगल में रास्ता भटक गई थी। जंगल का इलाका और बढ़ती शाम, दोनों ही चिंता बढ़ा रहे थे।
सूचना मिलते ही एफआरव्ही वाहन तुरंत सहायता के लिए रवाना हुआ। आरक्षक विजय सिसौदिया और पायलट बादल चौहान ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। बुजुर्ग महिला की तलाश के लिए थाना पुलिस और वन विभाग की मदद ली गई। आसपास के क्षेत्र में संयुक्त रूप से खोजबीन की गई।
काफी प्रयास के बाद महिला कुछ दूरी पर जंगल में मिली। डायल-112 जवानों ने उन्हें सुरक्षित लिया और पहचान व सत्यापन के बाद सकुशल उनके साथियों के सुपुर्द किया। यात्रा के साथियों ने पुलिस और वन विभाग की इस तत्परता की सराहना की।
*हर कॉल पर तत्पर है डायल-112*
इन तीनों घटनाओं में डायल-112 जवानों ने कर्तव्यनिष्ठा, तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय दिया। डायल-112 सेवा आपात परिस्थितियों में त्वरित सहायता, सुरक्षा और मानवीय संवेदनशीलता के साथ नागरिकों की मदद के लिए सदैव तत्पर है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |