Advertisement
रायपुर, 23 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार को कोण्डागांव जिले के ग्राम धनोरा में आयोजित ‘राजराजेश्वर भगवान सहस्रबाहु अर्जुन जयंती कलार महोत्सव’ में शामिल हुए। उन्होंने भगवान सहस्रबाहु अर्जुन की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कलार समाज को जयंती की बधाई देते हुए कहा कि भगवान सहस्रबाहु अर्जुन का जीवन न्याय, धर्मरक्षा और लोककल्याण के उच्च आदर्शों का प्रतीक है। उनके आदर्श समाज सेवा और जनहित के कार्यों के लिए सदैव प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग की उन्नति से ही समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण संभव है।
उन्होंने कलार समाज के गौरवशाली इतिहास की सराहना की। कहा कि सातवीं से सत्रहवीं शताब्दी तक लगभग एक हजार वर्षों तक देश के विभिन्न क्षेत्रों में कलचुरी वंश का वैभवशाली शासन रहा। आज यह समाज शिक्षा, कृषि, व्यापार और व्यवसाय सहित हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। समाज की एकजुटता, परिश्रम और समरसता की भावना ही प्रदेश की प्रगति को नई दिशा देती है।
*सरकार की प्रमुख योजनाओं की दी जानकारी*
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के उत्थान के लिए काम कर रही है। सरकार गठन के बाद पहली कैबिनेट में ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को स्वीकृति दी गई।
उन्होंने बताया कि 15 नवंबर से धान खरीदी का महाअभियान शुरू हो चुका है। किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है। इस वर्ष 360 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं।
महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की करीब 68 लाख माताओं-बहनों को प्रतिमाह 1,000 रुपये दिए जा रहे हैं। तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है और चरण पादुका योजना फिर शुरू की गई है। 5.5 लाख से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रतिवर्ष 10,000 रुपये की सहायता दी जा रही है। श्री रामलला दर्शन योजना से अब तक 55 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या में दर्शन कर चुके हैं।
*बस्तर में शांति और विकास पर जोर*
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में बस्तर को नक्सलवाद से मुक्त कर शांति और विकास की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास के लिए 15 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 6 हजार से अधिक का निर्माण हो रहा है।
पीएम जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए आवास स्वीकृत हुए हैं। खाली हो रहे सुरक्षा कैंपों को ‘सेवा डेरा’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। स्वस्थ बस्तर योजना में 34 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण और 40 हजार से अधिक लोगों का उपचार हुआ है।
उन्होंने बताया कि कृषि के साथ पशुपालन को बढ़ावा दिया जा रहा है। राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के साथ समझौते के तहत हर परिवार को दो गाय देने और दूध खरीदी की व्यवस्था की जा रही है। इंद्रावती नदी पर देउरगांव और मटनार में करीब 2,000 करोड़ की दो सिंचाई परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं, जिनसे करीब 80 हजार एकड़ भूमि को सिंचाई मिलेगी।
सुशासन के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है, जो 24 घंटे टोल फ्री उपलब्ध है। सेवा सेतु पोर्टल से 38 विभागों की 900 से अधिक सेवाएं घर बैठे मिल रही हैं। 6 हजार से अधिक ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में छत्तीसगढ़ की भागीदारी का आह्वान करते हुए सभी समाजों से शिक्षा, एकता, आत्मनिर्भरता और जनसेवा में आगे आने को कहा।
*स्वास्थ्य मंत्री ने मितानिनों को दी बधाई*
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रदेश की 70 हजार से अधिक मितानिन बहनों को मितानिन दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि मितानिनें विषम परिस्थितियों में भी समर्पण से सेवा कर स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत कर रही हैं। उन्होंने कलार और जनजातीय समाज के बीच सदियों से चले आ रहे सहयोग और भाईचारे की परंपरा का उल्लेख किया।
कांकेर सांसद भोजराज नाग ने कहा कि मुख्यमंत्री ने धनोरा पहुंचकर सबसे पहले स्थानीय आराध्य खण्डा डोकरा आंगा देव की पूजा कर जनजातीय आस्था के प्रति सम्मान प्रकट किया। केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने बताया कि क्षेत्र में 32 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत सब-स्टेशन का निर्माण पूरा हुआ है, जिससे विद्युत आपूर्ति मजबूत होगी।
इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक लता उसेंडी, पूर्व विधायक सेवकराम नेताम, कलार समाज बस्तर संभाग अध्यक्ष कमल किशोर कश्यप सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |