Advertisement
भोपाल। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि फार्मेसी केवल मुनाफे का व्यवसाय नहीं, पीड़ित मानवता की सेवा का माध्यम है। स्वस्थ भारत के निर्माण में फार्मासिस्टों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मरीजों तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाएं पहुंचाने के साथ ही दवाओं के सही उपयोग के प्रति समाज को जागरूक करना भी उनकी जिम्मेदारी है। उप मुख्यमंत्री सोमवार को भोपाल के रवींद्र भवन स्थित हंसध्वनि सभागार में विश्व फार्मासिस्ट दिवस और राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह-2026 के राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का विषय ‘स्वस्थ भारत : एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस से मुकाबला’ था।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत योजना ने स्वास्थ्य सेवाओं में ऐतिहासिक परिवर्तन किया है। गरीब और जरूरतमंद परिवारों को उच्चस्तरीय इलाज तक पहुंच आसान हुई है। स्वास्थ्य सेवाएं सिर्फ महानगरों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। टियर-2 और टियर-3 शहरों में भी आधुनिक और सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि नागरिकों को अपने नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान में ही बेहतर जांच, दवाएं और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिले।
एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस पर चिंता जताते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि एंटीबायोटिक का अनावश्यक और अनुचित उपयोग जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक लेना, जरूरत से ज्यादा या गलत तरीके से सेवन करना रोगाणुओं में प्रतिरोधक क्षमता पैदा करता है। इससे सामान्य संक्रमण का इलाज भी मुश्किल हो जाता है।
उन्होंने फार्मासिस्टों से आह्वान किया कि वे सिर्फ चिकित्सकीय पर्चे पर ही एंटीबायोटिक और अन्य प्रिस्क्रिप्शन दवाएं दें। दवा बेचते समय केवल व्यावसायिक हित को प्राथमिकता देना ठीक नहीं है। मरीज की सुरक्षा और समाज के प्रति जिम्मेदारी सबसे ऊपर होनी चाहिए। उन्होंने बिना पर्चे के एंटीबायोटिक न बेचने का संकल्प लेने को कहा। साथ ही लोगों को दवा की निर्धारित खुराक, सेवन की अवधि और डॉक्टर की सलाह के महत्व के बारे में जागरूक करने को कहा।
उप मुख्यमंत्री ने राज्य फार्मेसी काउंसिल के नवीन भवन निर्माण के प्रस्ताव पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में अधिकारियों के साथ जल्द बैठक कर स्वीकृति के लिए कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पंजीयन प्रक्रिया को समयबद्ध और व्यवस्थित बनाने के प्रयासों की सराहना भी की।
कार्यक्रम में खेल युवा कल्याण एवं सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, राज्य फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार जैन सहित फार्मेसी क्षेत्र के प्रतिनिधि, प्राध्यापक, विद्यार्थी और फार्मासिस्ट उपस्थित थे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |