Video

Advertisement


उज्जैन बनेगा साइंस सिटी, 100 एकड़ में बनेगा डीप टेक रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव

भोपाल।  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन में करीब 100 एकड़ भूमि पर 237 करोड़ रुपये की लागत से डीप टेक रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क विकसित किया जाएगा। उज्जैन को साइंस सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। भोपाल में प्रदेश की पहली डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला शुरू हो गई है, जिससे 10 लाख वर्ष तक पुरानी पुरातात्विक सामग्रियों की आयु का सटीक वैज्ञानिक निर्धारण हो सकेगा।

 

मुख्यमंत्री सोमवार को मैपकास्ट के विज्ञान भवन में ‘महाकाल : द मास्टर ऑफ टाइम’ थीम पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला और वाकणकर गैलरी का शुभारंभ किया। इस दौरान मैपकास्ट और धनुष क्वांटम टेक्नोलॉजी लिमिटेड के बीच एमओयू का आदान-प्रदान हुआ।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा भारतीय ज्ञान परंपरा, प्राचीन विरासतों के संरक्षण, वैज्ञानिक शोध और नवाचार को बढ़ावा दिया है। उज्जैन केवल धार्मिक नगरी नहीं, विज्ञान, उद्योग, कला, संस्कृति और सभ्यता का भी केंद्र रहा है। प्राचीन काल से ही उज्जैन काल-गणना और खगोल विज्ञान में विशिष्ट स्थान रखता है।

 

उन्होंने पद्मश्री डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने सीमित संसाधनों में भारतीय पुरातत्व और प्राचीन सभ्यताओं के अध्ययन को आगे बढ़ाया। उनके शोध ने भारत की प्राचीन सभ्यता को वैश्विक पहचान दिलाई। सरकार ने रातापानी अभयारण्य को डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर राष्ट्रीय उद्यान नाम देकर सम्मान दिया है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल को नॉलेज सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने स्पेस टेक पॉलिसी भी तैयार की है। विक्रमादित्य शोध पीठ को अकादमी के रूप में विकसित किया जा रहा है। विक्रमादित्य शोध पीठ के माध्यम से वैदिक घड़ी विकसित की गई है।

 

उद्योग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई ने बताया कि पार्क में आईआईटी इंदौर तकनीकी सहयोगी होगा। पार्क में अनुसंधान, तकनीकी विकास, पेटेंट, स्टार्ट-अप, इनक्यूबेशन और तकनीक के व्यावसायीकरण की एकीकृत सुविधाएं होंगी। चार प्रमुख क्षेत्रों में काम होगा - खगोल विज्ञान और अंतरिक्ष अध्ययन, भारतीय ज्ञान प्रणाली, कृषि प्रौद्योगिकी और जलवायु अनुसंधान, तथा एआई, मशीन लर्निंग, क्वांटम कंप्यूटिंग, ब्लॉकचेन जैसी उभरती तकनीकें। पांडुलिपियों के अध्ययन और डिजिटलीकरण, काल-गणना और पारंपरिक समय निर्धारण पर भी शोध होगा।

 

कार्यक्रम में विचारक सुरेश सोनी ने कहा कि भारतीय काल-गणना परंपरा में समय केवल मापन की इकाई नहीं, बल्कि जीवन, प्रकृति और सभ्यता से जुड़ा विषय रहा है। उज्जैन को विश्व के काल-गणना केंद्र के रूप में फिर प्रतिष्ठित करने के लिए प्रमाण, प्रयोग और अनुसंधान के आधार पर काम होना चाहिए।

 

मैपकास्ट के महानिदेशक डॉ. अनिल कोठारी ने बताया कि मैपकास्ट ने पिछले एक वर्ष में 128 से अधिक शोध परियोजनाएं, 84 से अधिक सेमिनार, 12 अंतरराष्ट्रीय यात्रा अनुदान और 250 युवा वैज्ञानिक फैलोशिप दी हैं।

 

ल्यूमिनेसेंस डेटिंग तकनीक क्वार्ट्ज और अन्य खनिजों के प्रकाश या ताप के संपर्क में आने के बाद दबे रहने की अवधि का वैज्ञानिक आकलन करती है। इससे पुरातात्विक स्थलों, भूस्तरों, प्राचीन जलवायु और सभ्यताओं के कालक्रम के पुनर्निर्माण में मदद मिलेगी।

Kolar News 23 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.