Advertisement
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक हुई। बैठक में प्रदेश के समग्र विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार और जनकल्याण के लिए 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति दी गई। निर्णयों की जानकारी सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप ने दी।
*गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना*
दुग्ध उत्पादन और उन्नत देशी गौवंश को बढ़ावा देने के लिए गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के क्रियान्वयन का अनुसमर्थन किया गया। उद्देश्य प्रदेश को देश की मिल्क कैपिटल बनाना है। पहले वर्ष 2026-27 में 208 ग्रामीण विधानसभाओं के एक-एक चिन्हित वृंदावन ग्राम में प्रतियोगिता होगी। 2027-28 से 2030-31 तक यह सभी 313 विकासखंडों में होगी। जिन गोपालकों के पास देशी नस्ल की दुधारू गाय है और रोज 6 लीटर या अधिक दूध देती है, वे पात्र होंगे। प्रथम पुरस्कार 1 लाख, द्वितीय 50 हजार और तृतीय 25 हजार रुपये मिलेगा। पुरस्कार राशि का उपयोग देशी गौवंश के क्रय, संरक्षण और संवर्धन में ही होगा। पुरस्कार हर साल गोवर्धन पूजा दिवस पर दिए जाएंगे।
*सहकारी बैंकों को 325 करोड़*
9 कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों की वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए 325 करोड़ रुपये की अंशपूंजी सहायता मंजूर की गई। रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर को 25-25 करोड़ तथा रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी को 50-50 करोड़ रुपये मिलेंगे।
*सहकारी समितियों के चुनाव एक साल टले*
बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के ड्यू चुनाव की अवधि एक वर्ष बढ़ा दी गई। विपणन समितियों और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव भी आवश्यकतानुसार आगे बढ़ाए जाएंगे।
*46 हजार से अधिक घरों में बिजली*
आरडीएसएस योजना के पहले चरण में 1,834 बसाहटों के 46,574 घरों और 54 शासकीय सार्वजनिक संस्थानों के विद्युतीकरण के लिए 193 करोड़ 72 लाख रुपये की कार्ययोजना मंजूर हुई। इसमें केंद्र का 60 प्रतिशत अनुदान 116 करोड़ 24 लाख और राज्य का 40 प्रतिशत अंश 77 करोड़ 48 लाख रुपये है।
*खनिज अन्वेषण के लिए निगम नोडल एजेंसी*
खनिज अन्वेषण नीति के क्रियान्वयन के लिए मध्यप्रदेश राज्य खनिज निगम लिमिटेड को क्रियान्वयन एजेंसी नियुक्त किया गया। सर्वे और ड्रिलिंग के लिए बाह्य एजेंसियों की नियुक्ति निगम के माध्यम से पारदर्शी प्रक्रिया से होगी।
*अद्वैत लोक के लिए 2,278 करोड़ 99 लाख*
ओंकारेश्वर स्थित एकात्म धाम में अद्वैत लोक के निर्माण के लिए 2026-27 से 2030-31 तक 2,278 करोड़ 99 लाख रुपये मंजूर किए गए। इसमें हाईस्क्रीन थियेटर, माया गैलरी, लेजर लाइट वाटर एंड साउंड शो, अद्वैत नर्मदा विहार, निदिध्यासन केंद्र, कला वीथिका, शंकर स्तंभ, अन्नपूर्णा, कलाग्राम, पंचायतन मंदिर आदि बनेंगे।
*अन्य निर्णय*
सामान्य प्रशासन विभाग की 23 योजनाओं को जारी रखने के लिए 3,059 करोड़ 7 लाख रुपये और मुख्यमंत्री विवेकाधीन अनुदान योजना के लिए 1,165 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |