Advertisement
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर ग्राम पंचायतों में पिछले तीन साल की खरीदी और भुगतानों का विशेष ऑडिट कराने की मांग की है। पटवारी ने कहा कि सभी संदिग्ध पंचायतों के भुगतान की स्वतंत्र एजेंसी से जांच हो। पंचायत पोर्टल पर हर बिल साफ, पठनीय और असली होना चाहिए। धुंधले बिल पर भुगतान न हो। ठेले, लाइट, वाटर कूलर और निर्माण सामग्री की कीमत का बाजार भाव से मिलान हो। संदिग्ध फर्मों के जीएसटी, पंजीयन, बैंक खाते और सप्लाई की जांच हो। एक ही फर्म से बार-बार खरीदी पर खास नजर रखी जाए।
उन्होंने सरपंच, सचिव और जनपद-जिला पंचायत के अधिकारियों की भूमिका की जांच की भी मांग की। दोषी पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई के साथ केस दर्ज हो और सरकारी पैसा वसूला जाए। सारी जानकारी सार्वजनिक पोर्टल पर डाली जाए ताकि गांव के लोग भी हिसाब देख सकें।
पत्र में तीन बड़े उदाहरण दिए गए हैं। 20 हजार के ठेले को ई-रिक्शा बताकर 3.25 लाख का भुगतान दिखाया गया। दान में मिले वाटर कूलर की खरीदी पर 24 लाख का भुगतान दर्ज हुआ। दो पंचायतों में आठ हाईमास्ट लाइट पर 48 लाख खर्च दिखाया गया।
पटवारी ने कहा कि अशोकनगर के मुंगावली की पंचायतों में भी ऐसे मामले सामने आए हैं। यह एक पंचायत का मामला नहीं है, पूरे प्रदेश की जांच जरूरी है। विकास का पैमाना विज्ञापन नहीं, गांव की हकीकत है। समयबद्ध जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो और रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |