Video

Advertisement


साइबर ठगी पर एमपी पुलिस का बड़ा प्रहार, पीड़ित को मिले पूरे 70 हजार, 3 म्यूल खातों पर केस
police

भोपाल, 22 नवंबर 2026

मध्यप्रदेश पुलिस ने साइबर अपराधों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए इंदौर में ठगी की पूरी राशि पीड़ित को वापस दिलाई है। साथ ही ऑपरेशन MATRIX 2.0 के तहत इंदौर और खंडवा में साइबर अपराधों में इस्तेमाल हो रहे तीन संदिग्ध म्यूल बैंक खातों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए हैं।

इंदौर में एक व्यक्ति को सोलर प्लांट का बिजनेस पार्टनर बनाने का झांसा देकर 70 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई थी। कंपनी ने सोलर प्लांट के उपकरण 33 हजार रुपये प्रति किलोवाट की दर से देने का भरोसा दिलाया था। पीड़ित ने पार्टनरशिप शुल्क के रूप में 70 हजार रुपये जमा किए, लेकिन बाद में कंपनी ने 33 हजार के बजाय 60 हजार रुपये प्रति किलोवाट की मांग की। पीड़ित ने असहमति जताकर रकम वापस मांगी तो न उपकरण दिए गए और न ही राशि लौटाई गई।

 

शिकायत मिलने पर क्राइम ब्रांच इंदौर ने बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों से समन्वय किया। पुलिस के प्रयासों से न्यायालय के आदेश के माध्यम से पीड़ित को ठगी गई 70 हजार रुपये की पूरी राशि वापस दिलाई गई।

 

ऑपरेशन MATRIX 2.0 के तहत थाना कनाड़िया पुलिस ने एक म्यूल बैंक खाते की पहचान की। I4C पोर्टल पर साइबर अपराध की शिकायतों और संदिग्ध लेन-देन के विश्लेषण में सामने आया कि इस खाते के माध्यम से दिल्ली, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और तेलंगाना में दर्ज चार साइबर ठगी की शिकायतों से जुड़े लेन-देन हुए हैं। जांच के आधार पर खाताधारक महिला के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

 

खंडवा पुलिस ने भी दो म्यूल बैंक खातों की पहचान कर तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए हैं। जांच में थाना कोतवाली क्षेत्र के एक और थाना छेगांव माखन क्षेत्र के एक बैंक खाते का साइबर अपराधों में इस्तेमाल होना सामने आया। दोनों प्रकरणों में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

म्यूल बैंक खाते वे खाते होते हैं, जिन्हें साइबर अपराधी अपनी पहचान छिपाने और ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में घुमाने के लिए इस्तेमाल करते हैं। इन्हें आर्थिक प्रलोभन देकर किराए पर लिया जाता है या खाताधारकों को गुमराह कर उनके खातों का उपयोग किया जाता है। ऑपरेशन MATRIX 2.0 के माध्यम से पुलिस ऐसे खातों की पहचान कर उनके संचालकों और नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

 

मध्यप्रदेश पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को आर्थिक लाभ के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक, इंटरनेट बैंकिंग या यूपीआई की जानकारी न दें। अपने खाते का इस्तेमाल किसी अन्य व्यक्ति के लेन-देन के लिए न होने दें। ऑनलाइन निवेश, डीलरशिप, फ्रेंचाइजी या बिजनेस पार्टनरशिप के आकर्षक प्रस्तावों पर भरोसा करने से पहले कंपनी की विश्वसनीयता और वैधानिकता की जांच जरूर करें। साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या http://www.cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट करें।

Kolar News 23 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.