Advertisement
बैतूल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने शनिवार को बैतूल में छात्रों और जनप्रतिनिधियों के साथ ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में पर्यटन गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने महुपानी में सफारी गेट, टिकट काउंटर एवं पर्यटन सुविधाओं के 42 लाख से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया और माध्यमिक शाला माकड़ा में स्टूडेंट डेस्क-बेंच वितरित किए।
खण्डेलवाल ने कहा कि ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में जंगल सफारी शुरू होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। यह रिजर्व प्रकृति पर्यटन का नया केंद्र बनेगा। जनजातीय होमस्टे, बटरफ्लाई पार्क और जिप्सी सफारी से यहां पर्यटन बढ़ेगा।
उन्होंने धावड़ा, गौनीघाट, कोलूढाना, धावड़ाखार एवं आसपास के वन क्षेत्रों में करीब 25 किलोमीटर तक सफारी के दौरान घोड़ीदेव व्यू पॉइंट सहित विभिन्न प्राकृतिक स्थलों का अवलोकन किया। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार इस क्षेत्र में पक्षियों की अनेक प्रजातियां पाई जाती हैं, जो पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।
उन्होंने बडोरा मंडी से तितली चौराहे तक 6.91 करोड़ रुपये की लागत से 1.5 किमी सड़क का शिलान्यास किया और कहा कि बैतूल सिंचाई, सड़क, उद्योग और पर्यटन सहित हर क्षेत्र में अग्रणी बनेगा। उन्होंने आजीविका प्लाजा का लोकार्पण करते हुए कहा कि यह प्लाजा बैतूल शहर की नई पहचान के रूप में उभरेगा।
*27 स्थानीय युवाओं को गाइड का प्रशिक्षण, जिप्सी से शुरू होगी सफारी*
खण्डेलवाल ने कहा कि पर्यटन गतिविधियों के संचालन के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने की विशेष पहल की जा रही है। वन विभाग द्वारा आसपास के गांवों के 27 युवाओं को जंगल सफारी के लिए गाइड के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षित युवा पर्यटकों को जंगल की जैव विविधता, वन्यजीवों, पक्षियों और प्राकृतिक स्थलों की जानकारी देंगे।
युवाओं को जिप्सी संचालन एवं ड्राइविंग का प्रशिक्षण देकर सफारी में भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। सफारी का संचालन स्थानीय समिति के माध्यम से किया जाएगा, जिससे जिप्सी चालकों और समिति के सदस्यों को भी आर्थिक लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि मैं भी एक जिप्सी जंगल सफारी के लिए उपलब्ध कराऊंगा। जिप्सी खरीदने के इच्छुक स्थानीय लोगों को आर्थिक सहयोग एवं ऋण की सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे।
*जनजातीय परिवारों के लिए विकसित होंगे होमस्टे*
खण्डेलवाल ने कहा कि क्षेत्र के जनजातीय परिवारों को समूहों में संगठित कर सुरक्षित एवं सुविधायुक्त होमस्टे विकसित किए जाएंगे। पर्यटक स्थानीय परिवेश और जनजातीय जीवनशैली का अनुभव कर सकेंगे और ग्रामीण परिवारों को आय प्राप्त होगी।
ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में दो स्थानों पर बटरफ्लाई पार्क विकसित किए जा रहे हैं। करीब दो से तीन एकड़ क्षेत्र में तितलियों के अनुकूल प्राकृतिक वातावरण तैयार किया जाएगा। बोरनाला एवं गौनीघाट में डोम विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। घास के मैदानों और विभिन्न व्यू पॉइंट्स को भी विकसित किया जाएगा।
*मंडी में ट्रॉली से सीधे तुलाई और उसी दिन भुगतान व्यवस्था लागू हो*
बडोरा से तितली चौराहे तक बनने वाली सड़क के शिलान्यास पर उन्होंने कहा कि सड़क बनने के बाद मंडी क्षेत्र में जाम की समस्या से किसानों एवं आम नागरिकों को राहत मिलेगी। करीब 40 फीट चौड़ी यह सड़क आगामी चार माह में तैयार करने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि किसानों की उपज का एक रुपये का भी नुकसान नहीं होना चाहिए। किसानों को उनकी उपज का भुगतान उसी दिन सुनिश्चित किया जाए। बढ़ती कृषि उपज को देखते हुए मंडी के विस्तार के लिए करीब 20 एकड़ अतिरिक्त जमीन तलाश की जा रही है।
*शिक्षा संजीवनी अभियान से स्कूलों में बदलेगी शिक्षा की तस्वीर*
एकीकृत माध्यमिक शाला माकड़ा में शिक्षा संजीवनी अभियान के तहत विद्यार्थियों को 402 डेस्क-बेंच वितरित करते हुए उन्होंने कहा कि इस अभियान से स्कूलों में शिक्षा की तस्वीर बदलेगी। जिले में दो हजार से अधिक स्कूल हैं। शिक्षकों ने अपने वेतन से करीब 9 हजार डेस्क-बेंच स्कूलों को भेंट की हैं।
*आजीविका प्लाजा का लोकार्पण, स्व-सहायता समूह की दीदियों से संवाद*
बैतूल में 4 करोड़ से अधिक की लागत से निर्मित आजीविका प्लाजा का लोकार्पण करते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल दुकानों का परिसर नहीं, बल्कि महिलाओं, ग्रामीण परिवारों और जनजातीय समाज के हुनर और स्वावलंबन को नई पहचान देने का केंद्र बनेगा।
उन्होंने ‘आजीविका दीदी कैफे’ में पहुंचकर महिलाओं के साथ चाय पर चर्चा की और व्यवसाय, गुणवत्ता और विस्तार की संभावनाओं पर सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूह की बहनें सफल उद्यमी बनकर अपनी अलग पहचान स्थापित करें।
इस दौरान विधायक महेंद्र सिंह चौहान, डॉ. योगेश पंडाग्रे, जिला अध्यक्ष सुधाकर पंवार एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |