Advertisement
छतरपुर। थाना सिविल लाइन पुलिस ने साइबर फ्रॉड की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से धोखाधड़ी की राशि में से 74 हजार 200 रुपए नगद बरामद किए गए हैं, जबकि 5 हजार 800 रुपए बैंक खाते में होल्ड कराए गए हैं।
19 नवंबर को थाना क्षेत्र के ग्राम बगौता निवासी फरियादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके बैंक खाते से धोखाधड़ीपूर्वक राशि ट्रांसफर की गई है। शिकायत पर थाना सिविल लाइन में भारतीय न्याय संहिता के तहत धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और राशि की बरामदगी के लिए पुलिस टीम को निर्देश दिए।
जांच में सामने आया कि आरोपी फरियादी का परिचित था। उसने फरियादी के एंड्रॉयड मोबाइल में यूपीआई एप्लीकेशन डाउनलोड कर एटीएम संबंधी जानकारी दर्ज कराई और धोखाधड़ीपूर्वक उसके बैंक खाते से राशि अपने खातों में ट्रांसफर कर ली।
पुलिस टीम ने बैंक ट्रांजैक्शन और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। होल्ड कराई गई राशि को फ्रीज कराने के लिए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |