Advertisement
भोपाल। क्राइम ब्रांच भोपाल ने अवैध मादक पदार्थ एमडी की तस्करी के मामले में महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14.19 ग्राम एमडी और मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद एमडी की कीमत करीब 1,50,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला के निर्देशों के क्रम में पुलिस उपायुक्त अपराध अखिल पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अपराध शैलेन्द्र सिंह चौहान और सहायक पुलिस आयुक्त चंद्रभान सिंह चढार के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच की टीम अवैध मादक पदार्थों के तस्करों की तलाश कर रही थी।
क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एमपी नगर जोन-2 स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के सामने एक महिला ग्राहकों को अवैध मादक पदार्थ एमडी बेचने आने वाली है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर संदिग्ध महिला को पकड़ा गया।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम श्रद्धा चौकीकर, पिता अनिल चौकीकर, उम्र 38 वर्ष, निवासी रेलवे कॉलोनी छिंदवाड़ा, हाल मुकाम भोपाल बताया। महिला आरक्षक की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसकी जैकेट की जेब से पारदर्शी प्लास्टिक की पन्नी में सफेद क्रिस्टलनुमा पदार्थ मिला। पन्नी सहित उसका वजन 14.19 ग्राम पाया गया। एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत पदार्थ को जब्त कर मौके पर ही सीलबंद किया गया।
पूछताछ में श्रद्धा चौकीकर ने बताया कि वह पिछले 10 साल से भोपाल में रह रही है और नशे की आदी हो गई थी। उसने बताया कि दो दिन पहले वह राजेन्द्र राय के साथ उत्तर प्रदेश गई थी और वहीं से एमडी लेकर आई थी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने साकेत नगर रीगल होटल के पास से दूसरे आरोपी राजेन्द्र राय को भी गिरफ्तार कर लिया।
राजेन्द्र राय पिता स्वर्गीय राम नगीना राय, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम व थाना नरोजाबाद, जिला उमरिया का रहने वाला है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना क्राइम ब्रांच में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/22 के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |