Advertisement
नई दिल्ली। भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस सह्याद्री ने 13 और 14 नवंबर 2026 को जापान समुद्री आत्मरक्षा बल के साथ द्विपक्षीय नौसैनिक अभ्यास जेएआईएमईएक्स 2026 में भाग लिया। इस अभ्यास का उद्देश्य दोनों नौसेनाओं के बीच समन्वित समुद्री गतिविधियों को बढ़ावा देना और परिचालन सहयोग को मजबूत करना था।
अभ्यास के दौरान आईएनएस सह्याद्री ने जापान के जहाज जेएस इसे के साथ सामरिक युद्धाभ्यास, संचार अभ्यास और क्रॉस-डेक लैंडिंग जैसी समुद्री परिचालन गतिविधियों में भाग लिया। इन गतिविधियों से दोनों नौसेनाओं को सटीक समन्वित अभियानों का अभ्यास करने और एक-दूसरे की कार्यप्रणाली तथा क्षमताओं को समझने का अवसर मिला।
अभ्यास मुख्य रूप से परस्पर कार्य करने की क्षमता बढ़ाने, परिचालन समन्वय सुधारने और सहभागी इकाइयों के बीच आपसी समझ को बढ़ावा देने पर केंद्रित रहा। इससे पेशेवर अनुभवों के आदान-प्रदान और दोनों नौसेनाओं के बीच स्थापित सहयोग को सुदृढ़ करने में भी सहायता मिली।
जेएआईएमईएक्स 2026 में आईएनएस सह्याद्री की भागीदारी भारत और जापान के बीच गहरी होती समुद्री साझेदारी और दोनों नौसेनाओं के बीच निरंतर सहयोग को दर्शाती है। यह अभ्यास आपसी विश्वास को मजबूत करने, परिचालन जानकारी बढ़ाने और समुद्री क्षेत्र में सहयोग आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |