Video

Advertisement


महिलाओं की भागीदारी से मजबूत होंगे लोकतांत्रिक संस्थान: ओम बिरला
om birla

 

नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि विधायी संस्थाओं और निर्णय लेने की प्रक्रियाओं में महिलाओं की अधिक भागीदारी से सशक्त, संवेदनशील और जवाबदेह लोकतंत्र के निर्माण में मदद मिलेगी। महिलाएं सार्वजनिक जीवन में संवेदनशीलता, प्रतिबद्धता और उत्तरदायित्व की भावना लेकर आती हैं, जो समाज की आकांक्षाओं को पूरा करने और चुनौतियों के समाधान के लिए महत्वपूर्ण है। बिरला मंगलवार को बेंगलुरु में प्रथम राष्ट्रमंडल महिला सांसदों के भारत क्षेत्र सम्मेलन का उद्घाटन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं में महिलाओं का अधिक प्रतिनिधित्व आवश्यक है और उन्हें नेतृत्व, नीति-निर्माण तथा कानून निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।

 

उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023 का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण के प्रावधान के क्रियान्वयन से महिलाओं का नेतृत्व पंचायतों से लेकर संसद तक बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि कई राज्य पहले ही पंचायतों और नगरपालिकाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दे चुके हैं।

 

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और प्रौद्योगिकी सामाजिक जीवन के हर क्षेत्र को प्रभावित कर रही है। इनका उपयोग विवेकपूर्ण रूप से और जवाबदेही के साथ किया जाए तो पारदर्शी, जवाबदेह और कुशल शासन व्यवस्था स्थापित की जा सकती है। उन्होंने कहा कि संसदीय समितियां ‘मिनी संसद’ के रूप में कार्य करती हैं और महिलाओं की सामाजिक-आर्थिक चुनौतियों के समाधान में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।

 

बिरला ने पंचायतों, नगरपालिकाओं, राज्य विधानसभाओं और संसद की निर्वाचित महिला प्रतिनिधियों के लिए क्षमता निर्माण का संस्थागत ढांचा विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य महिला प्रतिनिधियों को एआई, प्रौद्योगिकी और डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग के लिए सक्षम बनाना है, ताकि जन-संवाद, निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।

 

उन्होंने कहा कि महिलाओं ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर राष्ट्र-निर्माण तक भारत की यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आज वे शिक्षा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, खेल, रक्षा, अंतरिक्ष और राजनीति सहित हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं। प्रौद्योगिकी और डिजिटल प्लेटफॉर्म महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता के नए अवसर पैदा कर रहे हैं, लेकिन महिलाओं का डिजिटल सशक्तिकरण और सुरक्षित डिजिटल वातावरण भी आवश्यक है।

Kolar News 17 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.