Advertisement
रायपुर। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए बड़े सपने, मजबूत संकल्प और निरंतर मेहनत जरूरी है। कठिन परिस्थितियां और संसाधनों की कमी तब बाधा नहीं बनतीं, जब व्यक्ति के भीतर लक्ष्य हासिल करने का दृढ़ विश्वास हो। वित्त मंत्री मंगलवार को बिलासपुर जिले के तखतपुर स्थित रामसदन में आयोजित शिलान्यास एवं भूमिपूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने लगभग 4.50 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले 250 सीटर नालंदा परिसर का शिलान्यास और 1.60 करोड़ रुपए की लागत से परमेश्वरी तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन किया। नालंदा परिसर का निर्माण जीएमपी स्कूल के समीप होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक धरमजीत सिंह ने की।
चौधरी ने विद्यार्थियों से अपने संघर्ष से सफलता तक की यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा रायगढ़ जिले के एक गांव के सरकारी स्कूल में हुई, जहां शिक्षकों और संसाधनों की कमी थी। सिविल सेवा की तैयारी के समय किताबें जुटाना भी चुनौती था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।
उन्होंने कहा कि अध्ययन के दौरान सुविधाओं की कमी के अनुभव ने ही उन्हें युवाओं के लिए आधुनिक पुस्तकालय और अध्ययन केंद्र विकसित करने की प्रेरणा दी। रायपुर कलेक्टर रहते हुए उन्होंने 19 करोड़ रुपए की लागत से नालंदा परिसर बनवाया था, जहां आज करीब तीन हजार युवा अध्ययन कर रहे हैं।
वित्त मंत्री ने कहा कि प्रदेश के 22 स्थानों पर नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं। तखतपुर का परिसर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण और आधुनिक सुविधाएं देगा। उन्होंने करियर मार्गदर्शन के लिए एक हजार पुस्तकें उपलब्ध कराने की भी घोषणा की।
विधायक धरमजीत सिंह ने कहा कि नालंदा परिसर क्षेत्र के युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने सड़क, स्वास्थ्य, बिजली और शिक्षा सहित विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से तखतपुर और आसपास के क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |