Advertisement
विदिशा। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने विदिशा में नाबालिग बच्चियों के साथ हुई घटनाओं को लेकर प्रदेश सरकार और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध प्रदेश में चिंता का विषय बने हुए हैं और हर मामले में निष्पक्ष व समान कार्रवाई होनी चाहिए। पटवारी ने कहा कि विदिशा से सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को 18 वर्षों के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान महिलाओं की सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पास गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी है, लेकिन प्रदेश की कानून-व्यवस्था कमजोर दिखाई दे रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अवैध शराब और नशे का कारोबार फैला है और अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है। पटवारी ने कहा कि अपराधों में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के नाम बार-बार सामने आने के आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
विदिशा की घटनाओं पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि एक मामले में एफआईआर दर्ज करने में 48 घंटे लग गए। पीड़ित परिवार के अनुसार बच्ची ने चार लोगों की ओर संकेत किया है, जबकि पुलिस की कार्रवाई एक व्यक्ति तक सीमित दिखाई दे रही है। उन्होंने वीडियो फुटेज के आधार पर सभी तथ्यों की जांच की मांग की।
पटवारी ने कहा कि दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ एक जैसी कार्रवाई क्यों नहीं हुई, इसका जवाब सरकार को देना होगा। उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए समान होना चाहिए और पुलिस को राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर काम करना चाहिए।
उन्होंने प्रदेश सरकार पर कर्ज, करप्शन, कमीशन और क्राइम के आरोप लगाए। साथ ही कहा कि लाड़ली बहना योजना की राशि को लेकर किए गए वादे पूरे नहीं हुए हैं।
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस इस मामले को विधानसभा में उठाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |