Advertisement
भोपाल। मध्यप्रदेश में अपराधियों, फरार वारंटियों और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के लिए पुलिस का विशेष रात्रिकालीन कॉम्बिंग गश्त अभियान प्रदेशभर में चलाया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में देर रात से सुबह तक चली इस कार्रवाई में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मैदान में मुस्तैद रहे।
अभियान के दौरान प्रदेश में 671 से अधिक वारंटियों को गिरफ्तार किया गया और 457 से अधिक वारंट तामील किए गए। पुलिस टीमों ने सूचीबद्ध बदमाशों, गुंडों, हिस्ट्रीशीटरों और जिला बदर अपराधियों की धरपकड़ और चेकिंग भी की। आबकारी, जुआ-सट्टा, अवैध हथियार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
*इंदौर पुलिस*
पुलिस कमिश्नरेट के अभियान में 1,419 बदमाशों की जांच की गई और 722 के खिलाफ कार्रवाई हुई। 294 से अधिक वारंट तामील किए गए। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 289 चालकों पर भी कार्रवाई की गई।
*मुरैना*
पुलिस ने विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित करीब 221 स्थायी और गिरफ्तारी वारंटियों, इनामी और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। 73 हिस्ट्रीशीटर और गुंडा-बदमाशों तथा 38 जिला बदर आरोपियों की चेकिंग की गई।
*ग्वालियर*
पुलिस ने 214 वारंटियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 106 स्थायी और 108 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। इसके साथ ही 34 जमानती वारंटों की तामीली की गई।
*छिंदवाड़ा*
एक ही रात में पुलिस ने 130 वारंटियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 36 स्थायी और 94 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। 89 गुंडा-बदमाशों, 75 निगरानी बदमाशों, एक जिला बदर अपराधी और 37 कबाड़ियों की चेकिंग की गई। 150 लीटर अवैध शराब जब्त कर 18 आरोपियों पर कार्रवाई की गई और 15 गुमशुदा व्यक्तियों को खोजकर दस्तयाब किया गया। गांजा और चोरी के मामलों में भी पुलिस को सफलता मिली।
*खरगोन*
पुलिस ने 16 स्थायी और 63 गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया। टीमों ने 101 सूचीबद्ध गुंडों और 59 निगरानी बदमाशों के घरों पर दबिश देकर गतिविधियों की जांच की।
*भोपाल देहात*
पुलिस ने 38 स्थायी वारंट और 47 जमानती वारंट तामील किए तथा 85 वाहनों की जांच की। ईंटखेड़ी क्षेत्र में 42 बोतल अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत 54 हजार 823 रुपये बताई गई है।
*दमोह*
पुलिस ने 27 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया और 44 गिरफ्तारी वारंट तामील किए। 42 गुंडा-बदमाशों और 20 निगरानी बदमाशों की चेकिंग की गई। अवैध शराब के 26, जुआ के 5 और सट्टा के एक प्रकरण दर्ज किए गए। शांति भंग की आशंका में 55 व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय पैदा करना, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करना और आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |