Advertisement
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की मौजूदगी में आज भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में इंदौर एवं उज्जैन संभाग की संगठनात्मक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में संगठन की मौजूदा स्थिति, आगामी कार्यक्रमों, जनहित के मुद्दों और पार्टी की गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने की रणनीति पर भी विचार किया गया। इसमें संगठन महामंत्री संजय कामले, मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, प्रदेश महासचिव गौरव रघुवंशी समेत इंदौर और उज्जैन संभाग के सभी जिला कांग्रेस अध्यक्ष, जिला प्रभारी, विधानसभा प्रभारी और वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।
प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बैठक में संगठन के भीतर समन्वय, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और आम जनता तक कांग्रेस की विचारधारा व नीतियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने पदाधिकारियों से आपसी तालमेल के साथ जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने और पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
बैठक में कहा गया कि कांग्रेस मालवा-निमाड़ सहित पूरे मध्य प्रदेश में संगठन को मजबूत करने, जनता की आवाज उठाने और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष के लिए प्रतिबद्ध है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |