Video

Advertisement


बलांगीर से ओडिशा को 5 लाख घरों की सौगात, हर पात्र गरीब को मिलेगा पक्का आवास
shivraj singh chauhan

 

बलांगीर। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ओडिशा के बलांगीर में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में घोषणा की कि राज्य के गरीब परिवारों को तत्काल 5 लाख पक्के मकान दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की उपस्थिति में हुए इस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि सर्वे पूरा हो चुका है और अब कोई भी पात्र परिवार कच्चे घर में नहीं रहेगा।

 

कार्यक्रम में बलांगीर में नए कृषि कॉलेज की आधारशिला भी रखी गई। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इन घरों पर सोलर पैनल लगाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार संयुक्त रूप से सब्सिडी देगी, जिससे बिजली बिल कम होगा और बची हुई बिजली बेचकर परिवारों को अतिरिक्त आमदनी भी मिल सकेगी।

 

महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि ओडिशा में अब तक 29 लाख बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं। सुभद्रा योजना के तहत हर साल मिलने वाले 10 हजार रुपये से महिलाओं का सम्मान और आत्मविश्वास बढ़ा है। उन्होंने बताया कि देशभर में अगले पांच साल में महिलाओं को खुद का काम शुरू करने के लिए बैंकों से 10 लाख करोड़ रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। समूह से जुड़ी महिलाओं के अलावा अकेले व्यापार करने वाली महिलाओं को भी आसानी से लोन मिलेगा।

 

बलांगीर कृषि कॉलेज को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इसे आईसीएआर के सहयोग से देश का अग्रणी कृषि शिक्षण संस्थान बनाया जाएगा। यहां के वैज्ञानिक सीधे किसानों से जुड़कर उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि खेतों के ऊपर सोलर पैनल और नीचे बागवानी या सब्जी की खेती की नई योजना पर राज्य सरकार के साथ काम किया जा रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से छूटे हुए किसानों को भी सूची में शामिल किया जाएगा।

 

ग्रामीण विकास के लिए उन्होंने विकसित भारत-जी राम जी योजना का जिक्र किया। इसके तहत इस वर्ष ओडिशा को लगभग 4000 करोड़ रुपये की राशि मिलेगी। हर पंचायत को सालाना 25 से 50 लाख रुपये और पांच साल में 1 से 2 करोड़ रुपये तक विकास कार्यों के लिए दिए जाएंगे। इससे सड़क, नाली, स्कूल, पंचायत भवन, खेतों तक पहुंच मार्ग और तालाब जैसे काम कराए जा सकेंगे।

 

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण में 1700 किलोमीटर सड़कों की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है और अब शेष सभी गांवों को भी पक्की सड़कों से जोड़ने का काम आगे बढ़ेगा।

Kolar News 14 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.