Advertisement
रायपुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी, जो 15 जनवरी 2027 तक चलेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार ने खरीदी को सुगम और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।
जांजगीर-चांपा जिले में 134 उपार्जन केंद्रों पर 1 लाख 28 हजार 719 पंजीकृत किसानों से धान खरीदा जाएगा। किसानों की सुविधा के लिए इस बार जिले में 5 नए उपार्जन केंद्र भी शुरू किए गए हैं।
कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये की आदान सहायता दी जाएगी। अब अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले किसान को भी सत्यापित रकबे के आधार पर पूरी सहायता राशि मिलेगी। इससे किसानों को आर्थिक सहारा मिलेगा।
जिले में कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में सभी 134 केंद्रों की जांच 36 बिंदुओं की चेकलिस्ट से की गई है। केंद्रों पर बारदाना, इलेक्ट्रॉनिक तौल, बायोमेट्रिक उपकरण, नमी मापने का यंत्र, कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट, बिजली और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। पेयजल, प्राथमिक उपचार पेटी और पर्याप्त स्टाफ की व्यवस्था पर भी ध्यान दिया गया है। हर केंद्र पर नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं।
*5 नए केंद्रों से किसानों को राहत*
नए केंद्र बम्हनीडीह विकासखंड के दुरपा, बलौदा विकासखंड के कुरदा (च) और नवागढ़ विकासखंड के कनस्दा, पचेड़ा और पोड़ी राछा में खोले गए हैं। इससे आसपास के किसानों को धान बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और समय व परिवहन खर्च दोनों की बचत होगी।
*'तुहर टोकन' एप से घर बैठे टोकन*
टोकन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कुल टोकन में से 70 प्रतिशत मोबाइल एप से और 30 प्रतिशत केंद्रों से जारी होंगे। 2 एकड़ तक की भूमि वाले किसान को एक टोकन, 2 से 10 एकड़ तक दो टोकन और 10 एकड़ से अधिक भूमि वाले किसान को तीन टोकन दिए जाएंगे।
*सीसीटीवी से निगरानी और चेकपोस्ट*
पारदर्शिता के लिए मार्कफेड सभी 134 केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगा रहा है। दूसरे जिलों से अवैध धान की आवक रोकने के लिए तीन स्थानों पर चेकपोस्ट बनाए जाएंगे।
किसानों की शिकायतों के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। किसान फोन नंबर 07817-222032 पर सूचना और शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |