Video

Advertisement


कबीरधाम के ग्रामीणों को घर के पास मिलेगी स्वास्थ्य जांच, छह केंद्रों पर लगेंगे विशेष शिविर
up mukhyamantri sharma

 

रायपुर। कबीरधाम जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए 24 से 29 नवंबर 2026 तक छह दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल पर हो रहे इन शिविरों में गर्भवती महिलाओं की सोनोग्राफी, आंखों की जांच और बच्चों के हृदय रोग की जांच मुफ्त में होगी।

 

स्वास्थ्य विभाग ने शिविरों को इस तरह तैयार किया है कि अलग-अलग विकासखंडों के लोगों को अपने नजदीकी केंद्र पर ही जांच की सुविधा मिल सके। इसका मकसद है कि ग्रामीण महिलाओं और बच्चों को छोटी जांच के लिए भी दूर शहरों तक न जाना पड़े।

 

शिविरों की शुरुआत 24 नवंबर को सहसपुर लोहारा से होगी, जहां सोनोग्राफी और नेत्र जांच होगी। 25 नवंबर को पिपरिया और 26 नवंबर को बोड़ला में भी यही सुविधाएं मिलेंगी। 27 नवंबर को कुकदूर और 28 नवंबर को तरेगांव में सोनोग्राफी व नेत्र जांच के साथ बच्चों की हृदय जांच भी होगी। अंतिम शिविर 29 नवंबर को रेंगाखार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लगेगा, जहां तीनों जांच उपलब्ध रहेंगी।

 

इन शिविरों का एक बड़ा हिस्सा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम चिरायु के तहत बच्चों की हृदय जांच पर केंद्रित है। जन्म से लेकर 18 साल तक के बच्चों की जांच विशेषज्ञों द्वारा की जाएगी। जांच में कोई गंभीर समस्या मिलने पर ईको समेत आगे की जांच और इलाज के लिए बच्चों को बड़े अस्पतालों में रेफर किया जाएगा। सत्य साईं अस्पताल इस अभियान में सहयोग कर रहा है।

 

अभिभावकों को सलाह दी गई है कि अगर बच्चे के शरीर में नीलापन, सांस फूलने, बार-बार निमोनिया होने, दूध पीते समय थक जाने या वजन न बढ़ने जैसी समस्या दिखे, तो उसे सामान्य समझकर टालें नहीं, समय पर जांच कराएं।

 

विभाग ने लोगों से कहा है कि वे शिविर की तारीख के अनुसार अपने पास के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर इन निःशुल्क सुविधाओं का लाभ लें, ताकि बीमारी की पहचान समय पर हो सके और गंभीर परेशानी से बचा जा सके।

Kolar News 14 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.