Advertisement
भोपाल/उज्जैन। उज्जैन जिले के वृंदावन ग्राम तालोद के पशुपालक गौरव रघुवंशी की गिर नस्ल की गाय राधा ने प्रदेश में सबसे अधिक दूध देने का रिकॉर्ड बनाया है। प्रतियोगिता में राधा ने प्रतिदिन औसतन 19 लीटर 760 ग्राम दूध दिया। पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के लिए गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत 27 से 31 अक्टूबर तक वृंदावन ग्रामों में प्रतियोगिता कराई थी। इसमें प्रदेश भर से गायों के दुग्ध उत्पादन की जांच की गई।
गौरव रघुवंशी ने बताया कि राधा उनके लिए केवल गाय नहीं, परिवार की सदस्य है। तालोद को वृंदावन ग्राम घोषित किए जाने के बाद यहां देशी गोवंश के संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा मिला है। विभाग द्वारा उन्नत नस्लों के पालन, दुग्ध उत्पादन और आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए चलाए जा रहे प्रयासों से प्रेरित होकर उन्होंने गिर गाय खरीदी थी।
बेहतर देखभाल, संतुलित आहार और नियमित रखरखाव के कारण राधा ने यह उपलब्धि हासिल की है। यह उदाहरण देशी नस्ल की गायों की क्षमता और पशुपालन से मिलने वाले आर्थिक अवसरों को दर्शाता है।
प्रतियोगिता में शीर्ष पांच गायों में उज्जैन की राधा पहले स्थान पर रही। दूसरे स्थान पर रतलाम के सुखेड़ा निवासी मुकेश कुमार परमार की गाय रही, जिसने प्रतिदिन 17.230 लीटर दूध दिया। तीसरे स्थान पर उमरिया के डोडका निवासी संध्या पांडेय की गिर गाय रही, जिसने 17.166 लीटर दूध दिया।
चौथे स्थान पर रायसेन के मांगरोल निवासी ज्ञानेश्वर पटेल की गिर गाय रही, जिसने 16.350 लीटर दूध दिया। पांचवें स्थान पर राजगढ़ के सलेहपुर निवासी सुमेर सिंह पंवार की गिर गाय रही, जिसने 16.144 लीटर दूध दिया।
मध्यप्रदेश दुग्ध उत्पादन में देश में तीसरे स्थान पर है। राज्य सरकार की पशुपालन और गौसंवर्धन नीतियों से पिछले कुछ वर्षों में उत्पादन में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। देशी उन्नत नस्ल की गायों के पालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता आयोजित की गई थी।
9 नवंबर को गोवर्धन पर्व पर भोपाल में राज्य स्तरीय पशुपालक सम्मान समारोह होगा। इसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव पशुपालकों को सम्मानित करेंगे। सांकेतिक रूप से 10 पशुपालकों को पुरस्कृत किया जाएगा। सभी जिला मुख्यालयों पर गौ-पूजन और पशुपालक सम्मान कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
प्रदेश के चयनित 208 वृंदावन ग्रामों में हुई प्रतियोगिता में पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाले पशुपालकों को क्रमशः 1 लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि और प्रमाण पत्र दिया जाएगा। राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे खातों में भेजी जाएगी।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |