Advertisement
इंदौर। इंदौर पुलिस ने यातायात नियमों के पालन में आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए नई सुविधा शुरू की है। इंदौर ट्रैफिक साथी ऐप में Civilian Reports फीचर जोड़ा गया है। अब नागरिक नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की फोटो और वीडियो सीधे यातायात पुलिस को भेज सकेंगे।
पुलिस प्राप्त फोटो और वीडियो की जांच करेगी। उल्लंघन सही पाए जाने पर संबंधित वाहन चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। सुविधा का शुभारंभ 14 नवंबर को सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम में हुआ। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने ऐप से एक वाहन चालक की फोटो भेजकर इसका उपयोग शुरू किया।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि यातायात को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना सिर्फ पुलिस का काम नहीं है। हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह नियमों का पालन करे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे। नागरिकों की जागरूकता से ही शहर में अनुशासन कायम होगा।
नागरिक उल्लंघन की फोटो या वीडियो ऐप पर अपलोड कर सकते हैं। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 7049107620 पर भी सूचना दी जा सकती है। पुलिस ने कहा है कि सूचना देते समय नागरिक अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें, जोखिम न उठाएं और किसी चालक से विवाद न करें।
अच्छी और प्रमाणिक सूचना देने वाले नागरिकों को हर सप्ताह पुरस्कृत किया जाएगा। इससे लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी बढ़ेगी। ऐप को QR कोड स्कैन कर या Google Play Store और Apple App Store से डाउनलोड किया जा सकता है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |