Video

Advertisement


मैहर में लूट और वाहन चोरी के अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क का खुलासा
police

 

मैहर। मैहर पुलिस ने लूट और वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल एक अंतरराज्यीय अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी पहचान बनाकर वाहन चालकों को किराये के बहाने बुलाता था और सुनसान स्थानों पर साथियों के साथ लूट की वारदात करता था।

 

पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह के निर्देशन में कोतवाली मैहर पुलिस ने कार्रवाई की। आरोपी के कब्जे से दो पिकअप वाहन, चार मोबाइल फोन, बैंक चेकबुक, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज सहित करीब 14 लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति बरामद हुई है।

 

2 सितंबर को रीवा के एक चालक की बोलेरो पिकअप सामान ढोने के लिए किराये पर बुक कर मैहर लाई गई और बाद में चोरी कर ली गई। 19 सितंबर को छतरपुर के चालक को इसी बहाने बुलाया गया। सरलानगर रोड टोल प्लाजा के आगे सुनसान जगह पर आरोपियों ने मारपीट कर मोबाइल और चाबी छीन ली और पिकअप लूटकर भाग गए। दोनों मामलों में कोतवाली मैहर में प्रकरण दर्ज हुए थे।

 

घटनाओं की जांच में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपियों की पहचान की। मामले में शामिल पांच आरोपियों को पहले गिरफ्तार किया जा चुका था। मुख्य आरोपी लगातार ठिकाना बदल रहा था। पुलिस को सूचना मिली कि वह छतरपुर में है, जिसके बाद उसे वहां से गिरफ्तार किया गया।

 

पूछताछ में आरोपी के खिलाफ मैहर, सतना, छतरपुर और विदिशा में चोरी व लूट के मामले सामने आए हैं। मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश में उसके खिलाफ चोरी, लूट, धोखाधड़ी और कूटरचना से जुड़े कुल 21 प्रकरण दर्ज पाए गए हैं।

 

जांच में पता चला है कि आरोपी अलग-अलग स्थानों पर खुद को पुलिसकर्मी, डॉक्टर, वकील या सरकारी कर्मचारी बताता था। पुलिस की वर्दी पहनकर अवैध वसूली और ठगी भी करता था। किराये पर कमरा लेकर लोगों से नजदीकी बढ़ाता और फिर उनके वाहन लेकर फरार हो जाता था।

 

पुलिस ने कहा है कि संगठित और अंतरराज्यीय अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और अवैध संपत्ति की बरामदगी का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Kolar News 14 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.