Video

Advertisement


आरोन से सोवत पहुंची सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा, दिग्विजय सिंह ने जैन मुनि नीरोग सागर से लिया आशीर्वाद
digvijay singh

 

भोपाल, 12 नवंबर 2026: पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के 19वें दिन गुरुवार को यात्रा आरोन से शुरू होकर अशोकनगर जिले के ग्राम सोवत पहुंची। यात्रा के दौरान विभिन्न गांवों में लोगों ने यात्रियों का स्वागत किया और समर्थन दिया।

 

यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह आरोन स्थित श्री दिगम्बर जैन मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने चातुर्मासरत परम पूज्य मुनिश्री 108 नीरोग सागर जी महाराज से भेंट की। उन्होंने मुनिश्री के पाद प्रक्षालन कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। मुनिश्री ने यात्रा के उद्देश्यों और संकल्पों के प्रति मंगलकामनाएं व्यक्त करते हुए आशीर्वाद दिया।

 

दिन की शुरुआत आरोन के सनकादिक आश्रम में पूजन-अर्चन से हुई। धर्मरथ में विराजमान प्रभु श्रीरामलला सरकार, बाबा महाकाल, विभिन्न तीर्थों के जल से भरे कलशों और पार्थिव शिवलिंग की आरती की गई। इसके बाद समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष विवेक तोमर ने ध्वजारोहण किया और तिरंगे को सलामी दी गई। फिर दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में पदयात्रा आगे बढ़ी।

 

आरोन जनपद कार्यालय से सुबह 8 बजे निकली पदयात्रा बस स्टैंड स्थित दास हनुमान मंदिर, मुड़रा खुर्द जोड़, मोहरी कलां जोड़ और भौरा जोड़ होते हुए ग्राम खामखेड़ा पहुंची, जहां दोपहर में भोजन और विश्राम हुआ। दोपहर 3 बजे यात्रा फिर शुरू हुई और रूसल्ला, देवमढ़ी व जखौदा जोड़ होते हुए शाम 6 बजे सोवत पहुंचकर विश्राम किया गया। सहयात्रियों ने रात्रि विश्राम भी सोवत में ही किया।

 

यह यात्रा धार्मिक स्थलों पर चढ़ावे और दान की व्यवस्था में पारदर्शिता, चंदा चोरी व चढ़ावा चोरी के खिलाफ आवाज उठाने और वोट चोरी के मुद्दे पर निष्पक्ष जांच की मांग के लिए निकाली जा रही है। यात्रा का संकल्प धार्मिक आस्था, सनातन परंपराओं और लोकतांत्रिक मूल्यों के सम्मान से जुड़ा है।

Kolar News 12 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.