Advertisement
भोपाल, 12 नवंबर 2026: मध्यप्रदेश पुलिस अवैध मादक पदार्थों की खेती, उत्पादन और तस्करी के खिलाफ प्रदेशभर में सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में बड़वानी पुलिस ने ‘ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक’ के तहत सेंधवा ग्रामीण क्षेत्र में गांजे की अवैध खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने खेत से 627 गांजे के पौधे जब्त किए हैं, जिनका वजन 586 किलोग्राम और अनुमानित बाजार मूल्य 58 लाख 60 हजार रुपये है।
यह कार्रवाई आईजी ग्रामीण जोन इंदौर अनुराग और डीआईजी निमाड़ रेंज खरगोन सिमाला प्रसाद के निर्देशन में प्रभारी एसपी बड़वानी विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। 11 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर सेंधवा ग्रामीण पुलिस की टीम ने ग्राम पलासपानी के सूलिया फलिया में जंगल किनारे बने एक खेत पर दबिश दी।
खेत में करीब आधा बीघा जमीन पर गांजे की खेती पाई गई। यहां लगभग 6 फीट ऊंचे 627 पौधे लगे थे। पुलिस ने मौके से सभी पौधे जब्त कर लिए। जांच के बाद संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सेंधवा ग्रामीण थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रदेशव्यापी यह अभियान केवल जब्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि मादक पदार्थों के उत्पादन, भंडारण, परिवहन और तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई की जा रही है। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि अवैध खेती, बिक्री या तस्करी की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |