Video

Advertisement


उभरते खतरों के बीच वायु सेना को चौकस और तकनीकी रूप से श्रेष्ठ बनाना होगा: राजनाथ सिंह
राजनाथ सिंह

नई दिल्ली, 12 नवंबर 2026: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वायु सेना कमांडरों के सम्मेलन में कहा कि तेजी से बदलती तकनीक और आधुनिक युद्ध की नई कार्यशैली को देखते हुए भारतीय वायु सेना को अपनी परिचालन तत्परता और क्षमताओं को लगातार मजबूत करना होगा। उन्होंने ‘चौंकाने वाली कार्यशैली’ पर जोर देते हुए कहा कि रक्षा बलों को ऐसी तैयारी करनी होगी कि दुश्मन को संभलने का मौका न मिले और भारत किसी अप्रत्याशित कार्रवाई से अचंभित भी न हो।

 

उन्होंने खुफिया एवं निगरानी प्रणालियों को और सशक्त करने, विभिन्न प्रणालियों के बीच तालमेल बढ़ाने और खतरे सामने आने से पहले ही उनकी पहचान करने की आवश्यकता बताई। राजनाथ सिंह ने कहा कि समकालीन संघर्ष अब पारंपरिक क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहे, मिसाइलें, ड्रोन और उन्नत हथियार प्रणालियां निर्णायक भूमिका निभा रही हैं। रूस-यूक्रेन और इजरायल-हमास संघर्षों का हवाला देते हुए उन्होंने कमांडरों को कामिकेज़ ड्रोन, निगरानी अभियानों और ड्रोन-रोधी तैयारियों के लिए सतर्क रहने को कहा।

 

रक्षा मंत्री ने वायु सेना से इलेक्ट्रॉनिक, साइबर और अंतरिक्ष युद्ध जैसे उभरते क्षेत्रों के लिए अलग सिद्धांत और ढांचा विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भविष्य के संघर्षों में जीत विमानों की संख्या से नहीं, बल्कि तकनीकी उन्नति, त्वरित प्रतिक्रिया और सटीक तैयारी से तय होगी। इन पहलुओं को योजना, प्रशिक्षण और परिचालन प्रक्रियाओं में सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी।

 

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान वायु सेना के प्रदर्शन की सराहना करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि तीनों सेनाओं के बीच दिखा समन्वय आगे भी सैन्य योजना का आधार रहना चाहिए। उन्होंने ड्रोन और वायु रक्षा प्रणालियों को प्राथमिकता देने को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। साथ ही वायु योद्धाओं को नई प्रौद्योगिकियों का प्रशिक्षण देने और युवा रंगरूटों की तकनीकी विशेषज्ञता का लाभ उठाने पर जोर दिया।

 

अग्निवीरों के ‘सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी’ पर उन्होंने कहा कि यह फैसला सेनाओं के सुझावों के आधार पर लिया गया है और इससे तीनों सेनाओं को और मजबूती मिलेगी। सम्मेलन के दौरान उन्होंने वायु सेना की यूनिट ‘उड़ान’ द्वारा आंतरिक रूप से विकसित एआई अनुप्रयोगों का शुभारंभ भी किया, जो परिचालन, प्रशासन और एयरोस्पेस सुरक्षा से जुड़े कार्यों को स्वचालित और तेज करेंगे।

Kolar News 12 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.