Advertisement
नई दिल्ली, 12 नवंबर 2026: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुधवार को राष्ट्रपति भवन में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के मेधावी छात्रों से मुलाकात कर संवाद किया। जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित ‘जनजातीय गौरव पखवाड़ा’ के तहत यह विशेष कार्यक्रम रखा गया था।
छात्रों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिसके लिए हर क्षेत्र और समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि एकलव्य विद्यालय जनजातीय बच्चों को अच्छी शिक्षा ही नहीं दे रहे, बल्कि उनकी प्रतिभा को निखारने का मंच भी दे रहे हैं। देश में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत केवल सही अवसर, माहौल और मार्गदर्शन की है। उन्होंने यह जानकर खुशी जताई कि इन स्कूलों में लड़के-लड़कियों का अनुपात समान है, जो समावेशी विकास का संकेत है।
राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों से कहा कि वे बड़े सपने देखें और उन्हें लगन, अनुशासन और आत्मविश्वास से पूरा करें। शिक्षा केवल नौकरी पाने के लिए नहीं, बल्कि अपने ज्ञान से नए रोजगार पैदा करने के लिए भी होनी चाहिए। जब युवा रोजगार देने वाले बनेंगे, तभी समावेशी विकास को असली गति मिलेगी।
उन्होंने छात्रों को दुनियाभर की घटनाओं और बदलावों से जुड़े रहने की सलाह दी ताकि उनमें तर्क और विश्लेषण की क्षमता विकसित हो सके। साथ ही कहा कि गांव लौटने पर वे अपने परिवार और पड़ोसियों को सरकारी योजनाओं और समसामयिक जानकारियों से अवगत कराएं, इससे समाज को लाभ मिलेगा और उनकी शिक्षा सार्थक होगी।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |