Advertisement
भोपाल, 12 नवंबर 2026: मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने भोपाल और इंदौर के यात्रियों के लिए नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) सेवा शुरू कर दी है। गुरुवार से दोनों शहरों के मेट्रो स्टेशनों पर यह सुविधा औपचारिक रूप से लागू हो गई है। इस स्मार्ट कार्ड के माध्यम से यात्री बिना बार-बार टिकट खरीदे यात्रा कर सकेंगे और उन्हें किराये में बचत का लाभ भी मिलेगा।
एनसीएमसी ‘वन नेशन, वन कार्ड’ प्रणाली पर आधारित है। इससे भोपाल और इंदौर ही नहीं, बल्कि देश के उन सभी शहरों के मेट्रो नेटवर्क में यात्रा की जा सकेगी, जहां यह व्यवस्था लागू है। यात्री स्टेशन पर लगे ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन गेट पर कार्ड टैप कर सीधे अंदर और बाहर जा सकेंगे। इससे टिकट काउंटरों पर लगने वाली भीड़ कम होगी और समय की बचत होगी।
यह कार्ड दोनों शहरों के सभी संचालित मेट्रो स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर उपलब्ध है। कार्ड का शुल्क केवल 50 रुपये रखा गया है, जो अप्रतिदेय है। कार्ड मिलने के बाद यात्री अपनी जरूरत के अनुसार राशि रिचार्ज कर तुरंत यात्रा शुरू कर सकते हैं। रिचार्ज के लिए टिकट काउंटर, टिकट वेंडिंग मशीन और ‘एमपी मेट्रो’ मोबाइल ऐप की सुविधा दी गई है।
यात्रियों को आकर्षित करने के लिए एनसीएमसी कार्ड से यात्रा करने पर 25 प्रतिशत की छूट भी जारी रखी गई है। यह छूट 20 रुपये से अधिक किराये वाली यात्राओं पर मिलेगी। नियमित यात्रा करने वालों को इससे सीधा आर्थिक फायदा होगा।
स्टेशनों पर टिकट वेंडिंग मशीनें भी लगाई गई हैं। यात्री ‘बाय क्यूआर टिकट’ विकल्प चुनकर गंतव्य स्टेशन तय कर सकते हैं और यूपीआई क्यूआर कोड स्कैन कर मात्र 30 सेकंड में पेपर क्यूआर टिकट प्राप्त कर सकते हैं।
इसके अलावा 11 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक विशेष प्रमोशनल छूट योजना भी चल रही है। इसमें सिंगल जर्नी टिकट पर 25 प्रतिशत, रिटर्न जर्नी टिकट पर 30 प्रतिशत और ग्रुप टिकट पर 35 प्रतिशत तक की छूट मिल रही है। ई-वॉलेट रिचार्ज पर 8 से 15 प्रतिशत तक बोनस भी दिया जा रहा है।
मेट्रो कॉर्पोरेशन का कहना है कि एनसीएमसी और डिजिटल टिकटिंग की यह पहल प्रदेश में आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देगी।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |