Video

Advertisement


किसान अपमान पर रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा पर FIR और निष्कासन की मांग
congress

 

भोपाल। भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा द्वारा अन्नदाता किसानों को नशेड़ी, गांजा पीने वाला और चिलम फूंकने वाला बताकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है और कहा है कि यह बयान बेहद शर्मनाक, दुर्भाग्यपूर्ण तथा देश के करोड़ों किसानों का अपमान है, साथ ही किसान कांग्रेस इस अपमान को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी, क्योंकि यह केवल किसानों का नहीं, बल्कि देश की खाद्य सुरक्षा और अन्नदाता की मेहनत का अपमान है।

 

यह बात मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही और कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार किसान कल्याण वर्ष मनाने तथा किसानों के सम्मान की बड़ी-बड़ी बातें करती है, वहीं दूसरी तरफ भाजपा के सांसद किसानों को नशेड़ी और चिलम फूंकने वाला बताकर उनका सार्वजनिक अपमान कर रहे हैं, जिससे भाजपा का दोहरा चरित्र प्रदेश की जनता के सामने उजागर हो चुका है।

 

चौहान ने कहा कि किसान दिन-रात खेतों में पसीना बहाकर देश का पेट भरता है और भीषण गर्मी, कड़ाके की ठंड और बारिश की परवाह किए बिना फसल तैयार करता है, साथ ही किसान का बेटा देश की सीमाओं पर तैनात होकर मातृभूमि की रक्षा करता है, ऐसे अन्नदाता के प्रति इस तरह की अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना भाजपा की किसान विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।

 

धर्मेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों ने पहले ही किसानों को आर्थिक संकट में डाल रखा है और महंगी खाद, बीज, डीजल, बिजली तथा खेती की बढ़ती लागत से किसान परेशान हैं, फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है तथा छोटे और सीमांत किसानों के सामने खेती जारी रखना मुश्किल होता जा रहा है, इसके बावजूद समस्याओं का समाधान करने के बजाय भाजपा के जनप्रतिनिधि किसानों का अपमान करने में लगे हैं।

 

उन्होंने कहा कि किसान कांग्रेस प्रदेशभर में सांसद जनार्दन मिश्रा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है और तहसील स्तर पर पुतला दहन कर भाजपा के इस किसान विरोधी रवैये के खिलाफ आवाज बुलंद की जा रही है।

 

किसान कांग्रेस ने मांग की है कि भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के खिलाफ किसानों के अपमानजनक बयान को लेकर तत्काल FIR दर्ज कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए, सांसद अपने पद से तत्काल इस्तीफा दें, भारतीय जनता पार्टी उन्हें तत्काल पार्टी से निष्कासित करे तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा नेतृत्व इस पूरे मामले में अपनी जवाबदेही तय करते हुए किसानों के सम्मान को लेकर अपना रुख स्पष्ट करें।

 

चौहान ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सांसद के खिलाफ FIR दर्ज नहीं की गई और भाजपा नेतृत्व ने उनके विरुद्ध ठोस कार्रवाई नहीं की, तो किसान कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन को और व्यापक करेगी तथा मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई किसी राजनीतिक व्यक्ति के खिलाफ व्यक्तिगत लड़ाई नहीं, बल्कि देश के अन्नदाताओं के सम्मान और स्वाभिमान की लड़ाई है और केवल माफी मांग लेने से किसानों के अपमान का मामला समाप्त नहीं होगा, जब तक सांसद के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं होती, उनका इस्तीफा नहीं लिया जाता और भाजपा उन्हें पार्टी से निष्कासित नहीं करती, तब तक किसान कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।

 

इस अवसर पर मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, किसान कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष राम मिहिर, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता राहुल राज और किसान कांग्रेस कार्यालय प्रभारी रामशरण राणा उपस्थित रहे।

Kolar News 11 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.