Video

Advertisement


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पिछोर से लाड़ली बहनों को 42वीं किस्त के रूप में 1,831 करोड़ रुपये करेंगे अंतरित
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव

 

भोपाल, 12 नवंबर 2026: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार 13 नवंबर को शिवपुरी जिले के पिछोर से प्रदेश की 1 करोड़ 24 लाख से अधिक पात्र महिलाओं के खातों में लाड़ली बहना योजना की धनराशि अंतरित करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश की 1 करोड़ 24 लाख 81 हजार 550 महिलाओं को 42वीं किस्त के रूप में 1,831 करोड़ 77 लाख रुपये से अधिक की राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। साथ ही मुख्यमंत्री शिवपुरी जिले में 221 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी करेंगे।

 

लाड़ली बहना योजना जून 2023 में प्रारंभ की गई थी। शुरुआत में महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये दिए जाते थे, जिसे अक्टूबर 2023 में बढ़ाकर 1,250 रुपये किया गया। नवंबर 2025 से इसमें फिर 250 रुपये की वृद्धि कर मासिक सहायता 1,500 रुपये कर दी गई। वर्तमान में यह राशि आधार से जुड़े डीबीटी सक्रिय खातों के माध्यम से महिलाओं को प्राप्त हो रही है।

 

योजना का लाभ मध्यप्रदेश की उन स्थानीय निवासी विवाहित महिलाओं को मिलता है, जिनकी आयु एक जनवरी की स्थिति में 21 वर्ष से अधिक और 60 वर्ष से कम है। विधवा, तलाकशुदा, परित्यक्ता महिलाएं तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन पाने वाली पात्र महिलाएं भी योजना के दायरे में आती हैं।

 

अक्टूबर 2026 तक योजना की 41 किस्तों में महिलाओं के खातों में 67 हजार 230 करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहुंचाई जा चुकी है। नवंबर की 42वीं किस्त के बाद कुल सहायता लगभग 69 हजार 50 करोड़ रुपये हो जाएगी। इसके अलावा अगस्त 2023, 2024, 2025 और 2026 में चार बार महिलाओं को 250 रुपये की विशेष सहायता भी दी गई है।

 

वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए इस योजना हेतु 23 हजार 882 करोड़ रुपये से अधिक का बजट निर्धारित किया गया है। चालू वित्त वर्ष में अक्टूबर तक 13 हजार 134 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी जा चुकी है, जो नवंबर किस्त के बाद बढ़कर करीब 14 हजार 954 करोड़ रुपये हो जाएगी।

Kolar News 12 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.