Video

Advertisement


जुआ-सट्टे पर पुलिस का शिकंजा, 12 दिन में 79 लाख की संपत्ति जब्त कर सैकड़ों जुआरी गिरफ्तार
police

 

भोपाल, 12 नवंबर 2026: मध्यप्रदेश पुलिस ने जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान तेज कर दिया है। पिछले 12 दिनों के दौरान विभिन्न जिलों में जुआ फड़ों पर की गई दबिश में पुलिस ने बड़ी संख्या में आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान नकदी के अलावा चारपहिया और दुपहिया वाहन, मोबाइल फोन, ताश के पत्ते सहित कुल 79 लाख 17 हजार 240 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

 

टीकमगढ़ में पुलिस ने सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 22 लाख 29 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की। मोहनगढ़ थाना क्षेत्र में जुआ फड़ पर दबिश देकर 10 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से 19 हजार 570 रुपये नगद और 3 कारें सहित करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति मिली। वहीं पलेरा थाना क्षेत्र में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर 22 हजार 700 रुपये नगद, 52 ताश के पत्ते, 3 मोटरसाइकिल और एक स्कूटी जब्त की गई।

 

सीहोर जिले में भी पुलिस ने कई स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की। कोतवाली पुलिस ने होटल में चल रहे जुआ फड़ से 5 लोगों को गिरफ्तार कर 10 लाख 85 हजार रुपये नगद जब्त किए। भैरूंदा पुलिस ने 71 हजार रुपये नगद के साथ 7 मोबाइल और 6 मोटरसाइकिल बरामद कीं। इसके अलावा मंडी, पार्वती और बुधनी थानों की कार्रवाई को मिलाकर जिले में कुल 16 लाख 29 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई।

 

कटनी में जंगल क्षेत्र में संचालित जुआ फड़ों पर पुलिस ने दबिश देकर 14 जुआरियों को गिरफ्तार किया। मौके से 80 हजार 500 रुपये नगद, 8 मोटरसाइकिल और 14 मोबाइल फोन सहित लगभग 13 लाख रुपये का सामान जब्त हुआ। माधवनगर क्षेत्र में दो अन्य प्रकरणों में 9 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जिले में जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 13 लाख 7 हजार रुपये पहुंचा।

 

छतरपुर जिले में सरवई, ओरछा रोड, बड़ामलहरा, जुझारनगर, गढ़ीमलहरा और बक्सवाहा सहित कई थाना क्षेत्रों में जुआ फड़ों पर कार्रवाई की गई। गौरिहार रोड स्थित ढाबे के पीछे चल रहे फड़ से 12 जुआरी गिरफ्तार हुए और 6 लाख 85 हजार रुपये की संपत्ति जब्त हुई। ओरछा रोड क्षेत्र में 16, बड़ामलहरा में 13, जुझारनगर में 14, गढ़ीमलहरा में 8 और बक्सवाहा क्षेत्र में 3 जुआरियों को पकड़ा गया। जिले में कुल 10 लाख 54 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

 

दमोह के हिण्डोरिया क्षेत्र में दो कार्रवाइयों में 19 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4 लाख 15 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई। मुरैना में पोरसा पुलिस ने 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर 1 लाख 36 हजार रुपये नगद और ताश की गड्डियां बरामद कीं। बागचीनी और जौरा में की गई कार्रवाई सहित जिले में 3 लाख 9 हजार रुपये की संपत्ति जब्त हुई। खंडवा के हरसूद में दो प्रकरणों में 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर 2 लाख 30 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

 

अशोकनगर में अलग-अलग स्थानों पर जुआ खेलते पकड़े गए 19 आरोपियों से 3 मोटरसाइकिल और नगदी सहित करीब 1 लाख 84 हजार रुपये की संपत्ति जब्त हुई। विदिशा के नटेरन थाना क्षेत्र के ग्राम घटवाई में 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर 22 हजार 570 रुपये नगद, 7 मोबाइल और 2 मोटरसाइकिल सहित 1 लाख 80 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई। सिवनी में बंडोल, छपारा और आदेगांव पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ग्राम बखारी से 5 आरोपी गिरफ्तार हुए और 1 लाख 25 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

 

दतिया जिले में दुरसड़ा, उनाव, लांच, भाण्डेर और कोतवाली थाना पुलिस ने अलग-अलग दबिश देकर दर्जनों जुआरियों को गिरफ्तार किया और कुल 1 लाख 16 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की। इसी तरह पन्ना के देवेन्द्रनगर, शिवपुरी के दिनारा और बामौरकलां, ग्वालियर के कम्पू, झाबुआ के मेघनगर, गुना के चांचौड़ा और सतना के नागौद क्षेत्र में भी पुलिस ने जुआ फड़ों पर कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया और नगदी व ताश के पत्ते जब्त किए।

 

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे जुआ और सट्टा जैसी गतिविधियों से दूर रहें, क्योंकि इससे आर्थिक हानि के साथ परिवार और समाज पर नकारात्मक असर पड़ता है। अपने क्षेत्र में ऐसी अवैध गतिविधि की जानकारी नजदीकी थाने या डायल-112 पर देने की अपील भी की गई है।

Kolar News 12 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.