Advertisement
भोपाल, 30 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के अवसर पर मध्यप्रदेश पुलिस ने अक्टूबर माह में साइबर अपराधों की रोकथाम और नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के लिए प्रदेशव्यापी अभियान चलाया।
अभियान के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न स्तरों पर जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित कर नागरिकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग और साइबर अपराध होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। संभाग, जोन, जिला, तहसील, थाना और ग्राम स्तर तक गतिविधियां संचालित की गईं। स्कूल कॉलेज, तकनीकी संस्थान, पंचायत, स्वास्थ्य केंद्र, बैंक, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार, पेट्रोल पंप, शासकीय कार्यालय और धार्मिक स्थलों सहित बड़ी संख्या में सार्वजनिक स्थानों को अभियान से जोड़ा गया।
अभियान के दौरान नागरिकों को साइबर अपराध की स्थिति में राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने और राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल http://cybercrime.gov.in के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक किया गया। राज्य साइबर पुलिस द्वारा तैयार जागरूकता स्टैंडी विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर लगाई गईं। अभियान की सभी प्रमुख गतिविधियों में CyberDost, हेल्पलाइन 1930 और पोर्टल का प्रचार किया गया।
युवाओं को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी में व्याख्यान, कार्यशालाएं, सेमिनार, क्विज, शपथ, पेंटिंग और रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के सामान्य तरीकों और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के बारे में बताया गया।
सोशल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों के जरिए साइबर सुरक्षा संबंधी फोटो, वीडियो, बैनर, पम्पलेट, एडवाइजरी, पॉडकास्ट और इंटरव्यू का व्यापक प्रचार किया गया। पुलिस और शासकीय विभागों के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के साथ स्थानीय सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स और प्रसिद्ध व्यक्तियों को भी अभियान से जोड़ा गया। आकाशवाणी, एफएम चैनल, दूरदर्शन और स्थानीय टीवी चैनलों पर जागरूकता संदेश, वीडियो क्लिप और जिंगल प्रसारित किए गए।
नवरात्रि उत्सव सहित सार्वजनिक आयोजनों के माध्यम से भी संदेश पहुंचाया गया। पूजा पंडालों में लाउडस्पीकर से जिंगल प्रसारित किए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में झांकियां, नाटक और रंगोली जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं।
अभियान के दौरान साइबर जागरूकता रन, मैराथन और रैलियों का आयोजन किया गया। सार्वजनिक स्थलों, व्यस्त बाजारों और शॉपिंग मॉल्स में पोस्टर और पम्पलेट के माध्यम से संदेश प्रदर्शित किए गए। नुक्कड़ नाटकों और जनसंवाद के माध्यम से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए।
ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच के लिए ग्राम पंचायत, आंगनवाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र, राशन वितरण केंद्र, कृषि उपज मंडी और धार्मिक स्थलों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। ग्राम सभा और साइबर चौपाल के माध्यम से पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद किया। कोटवारों द्वारा मुनादी के माध्यम से हेल्पलाइन 1930 और पोर्टल की जानकारी दी गई।
मध्यप्रदेश पुलिस ने नागरिकों से डिजिटल सुविधाओं का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में बिना विलंब आधिकारिक माध्यमों से शिकायत करने की अपील की है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |