Advertisement
भोपाल, 26 अक्टूबर 2026।* मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आने वाले समय में नलखेड़ा में बन रहा मां बगलामुखी देवी लोक आस्था, अध्यात्म, श्रद्धा और धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा। देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को यहां विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा में विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर परिसर में प्रस्तावित भव्य देवी लोक परियोजना के प्रथम चरण के 85.40 करोड़ रुपये लागत के कार्यों का भूमि-पूजन किया। इससे पहले उन्होंने मंदिर पहुंचकर माता रानी के दर्शन किए, विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उन्होंने सिंगल क्लिक से निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन किया।
*20 हेक्टेयर में बनेगा भव्य देवी लोक*
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां बगलामुखी की महिमा अद्भुत है, मां सभी की मनोकामनाएं पूरी करती हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उज्जैन में महाकाल लोक के लोकार्पण के बाद पूरे मालवांचल का वातावरण बदल गया है। अब मां बगलामुखी देवी लोक के विकास को गति दी जा रही है। यह परियोजना लगभग 20 हेक्टेयर भूमि पर विकसित होगी।
उन्होंने बताया कि आमला से नलखेड़ा तक 55 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से लगभग 14 किमी लंबा नया फोरलेन बायपास बनाया जा रहा है। लखुंदर नदी पर श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन के लिए 13.77 करोड़ रुपये की लागत से नया उच्च स्तरीय पुल बनाया जा रहा है। नलखेड़ा के मार्ग में आने वाली पुलिया और सड़क को भी चौड़ा किया जाएगा। इस स्थान की सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी भी मजबूत की जा रही है।
*लखुंदर नदी के तटों पर बनेंगे भव्य घाट*
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने प्रदेश के 14 से अधिक धार्मिक स्थलों को दिव्य लोक बनाने का संकल्प लिया है, जिसमें ओरछा, महाकाल लोक, ओंकारेश्वर में एकात्म धाम, चित्रकूट धाम शामिल हैं।
नलखेड़ा में लखुंदर नदी के तटों पर सुंदर और भव्य घाट बनाए जाएंगे। पूरे परिसर और पार्किंग क्षेत्र का विस्तार होगा। साफ-सुथरे शौचालय, पक्की सड़कें और अतिथियों के लिए भवन भी बनाया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए धर्मशालाओं में सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि मां बगलामुखी के आशीर्वाद से इस वर्ष अच्छी बारिश और सोयाबीन की भरपूर फसल हुई है। इस साल किसानों को सोयाबीन की उपज पर लगभग 7000 रुपये प्रति क्विंटल का मूल्य मिलेगा।
*पहले चरण में क्या होगा निर्माण*
पहले चरण में मुख्य मंदिर का शिखर 108 फीट ऊंचा होगा। मुख्य मंदिर का निर्माण 2,800 वर्गमीटर क्षेत्र में होगा, जिसमें गर्भगृह, ऊपरी संरचना और पत्थर की क्लैडिंग का कार्य शामिल है। धार्मिक अनुष्ठानों के लिए 220 यज्ञ शालाओं, 625 वर्गमीटर में गौशाला, मंदिर कॉरिडोर एवं प्रांगण, वीवीआईपी भवन, 4 भव्य मुख्य प्रवेश द्वार, बाउंड्री वॉल, चारपहिया वाहन पार्किंग, बस पार्किंग और शौचालय ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा। साथ ही लैंडस्केपिंग, विद्युत व्यवस्था, फसाड लाइटिंग, प्लंबिंग और अग्निशमन व्यवस्था जैसे कार्य भी होंगे।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान, विधायक भैरव सिंह बापू, सांसद रोडमल नागर, विधायक माधव सिंह, मधु गहलोत, ओम मालवीय सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |