Advertisement
भोपाल, 22 अक्टूबर।* मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार 23 अक्टूबर को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर समिट-2026 का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री समिट में ‘सेमीकंडक्टर हब के रूप में मध्यप्रदेश’ का विजन प्रस्तुत करेंगे। वे प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे और सेमीकंडक्टर उद्योग से जुड़े निवेशकों व कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठक कर निवेश, तकनीकी सहयोग और उद्योग विकास की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। दो दिवसीय समिट में देश-विदेश की कंपनियों के प्रतिनिधि, निवेशक, उद्योग विशेषज्ञ, शिक्षाविद और स्टार्टअप शामिल होंगे।
8 पैनल चर्चा, 5 राउंडटेबल और 50 कंपनियों की प्रदर्शनी
समिट में सेमीकंडक्टर विनिर्माण, चिप डिजाइन, उन्नत पैकेजिंग एवं टेस्टिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, अनुसंधान, नवाचार और कुशल मानव संसाधन विकास पर मंथन होगा। आयोजन में 8 पैनल चर्चाएं, 5 राउंडटेबल बैठकें और 4 मुख्य व्याख्यान होंगे। 50 से अधिक कंपनियां अपनी तकनीक, उत्पादों और समाधानों का प्रदर्शन करेंगी।
पहले दिन उन्नत पैकेजिंग-टेस्टिंग हब के रूप में एमपी का विकास, फैबलेस इको सिस्टम निर्माण और आपूर्ति श्रृंखला पर चर्चा होगी। AI इंफ्रास्ट्रक्चर, फैबलेस उत्पाद, बौद्धिक संपदा और प्रमुख शिक्षण संस्थानों के निदेशकों-कुलपतियों के साथ राउंडटेबल में उद्योग-शिक्षा-रिसर्च के बीच सहयोग पर बात होगी।
दूसरे दिन चिप प्रौद्योगिकी, AI, इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पाद निर्माण, डिजाइन सेवाएं, R&D और प्रतिभा संवर्धन पर चर्चा होगी। फोटोनिक्स-क्वांटम प्रौद्योगिकी और MSME से संबंधित बैठकें भी होंगी। समापन पर ‘एमपी सेमीकॉन स्टार्टअप प्रतियोगिता’ के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
सेमीकंडक्टर नीति-2025 से मिलेगा प्रोत्साहन
राज्य सरकार ने सेमीकंडक्टर क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने के लिए ‘मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर नीति-2025’ को मंजूरी दी है। यह समिट प्रदेश में निवेश आकर्षित करने, तकनीकी नवाचार और कुशल मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |