Advertisement
राजनांदगांव, 22 अक्टूबर।लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बुधवार को राजनांदगांव और डोंगरगांव क्षेत्र में सड़कों, पुलों, निर्माणाधीन कॉलेज भवन और पुराने विश्राम गृह का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क निर्माण और मरम्मत की गुणवत्ता पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को फटकार लगाई और कहा कि केवल कार्यालयों में बैठकर फाइल न देखें, नियमित रूप से निर्माण स्थल पर जाकर गुणवत्ता सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधिकारियों को सड़क की चौड़ाई, ग्रेन्युलर सब-बेस (GSB) की मोटाई, लेवल और मार्किंग की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
फोरलेन और पुल के काम की जांच
सचिव बंसल ने राजनांदगांव से अंबागढ़ चौकी मार्ग के फोरलेन चौड़ीकरण कार्य का जायजा लिया और सड़क की विभिन्न परतों, चौड़ाई और लेवल की जांच करने को कहा। ग्राम पैरी नाला में निर्माणाधीन पुल की नींव, पिलर, कैप और अन्य संरचनाओं की प्रगति देखी और जल निकासी व तकनीकी मापदंडों का विशेष ध्यान रखने को कहा।
ग्राम सुखरी से दीवानभेड़ी तक बन रही सड़क का निरीक्षण कर उन्होंने खुदाई, बेस निर्माण की गुणवत्ता जांचने, कार्यों की वीडियोग्राफी कराने और अभिलेख संधारण के निर्देश दिए। ठेकेदारों को कार्ययोजना के अनुसार काम करने और तकनीकी खामियां तुरंत दूर करने को कहा।
डोंगरगांव विश्राम गृह बनेगा PWD कार्यालय
डोंगरगांव में पुराने विश्राम गृह का निरीक्षण करते हुए बंसल ने मुख्य भवन को PWD कार्यालय के रूप में विकसित करने और परिसर के अन्य उपयोगी भवनों की मरम्मत कर कार्यालय व स्टोर रूम के रूप में उपयोग करने को कहा। जर्जर संरचनाओं को हटाने, समतलीकरण और साफ-सफाई सहित सभी सुधार कार्य 15 से 20 दिन में पूरा करने और इसके लिए विभागीय मद से राशि की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क सुधार, रोड मार्किंग, सेंटर लाइन और डिवाइडर की साफ-सफाई व रंग-रोगन कराने को कहा।
नए कॉलेज भवन में दिव्यांग रैंप और जल निकासी के निर्देश
बंसल ने ग्राम अर्जुनी में निर्माणाधीन नवीन शासकीय महाविद्यालय भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कॉलेज की लगभग 10 एकड़ भूमि का सीमांकन कर चारों ओर पिलर लगाने को कहा, ताकि सरकारी जमीन अतिक्रमण से बचे। राजस्व अभिलेख अपडेट करने के भी निर्देश दिए।
दो मंजिला भवन में फ्लोरिंग, प्लास्टर की गुणवत्ता देखी और मुख्य प्रवेश द्वार व सड़क के लेवल में अंतर को ठीक कर सुगम आवागमन की व्यवस्था, दिव्यांगजनों के लिए रैंप और वर्षा जल निकासी के लिए डाउन-पाइप की उचित व्यवस्था करने को कहा।
उन्होंने कहा कि सभी कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा और तकनीकी मापदंडों का कड़ाई से पालन हो और समय पर काम पूरा हो। लापरवाही पर कार्रवाई होगी। निरीक्षण के दौरान प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता एन.के. जयंत, अधीक्षण अभियंता अपर्णा चौरपगार और कार्यपालन अभियंता रितु खरे मौजूद रहीं।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |