Advertisement
करनाल / नई दिल्ली, 21 अक्टूबर 2026 -* देश में टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने, मिट्टी की सेहत सुधारने और कृषि लागत कम करने के लिए केंद्र सरकार 22 अक्टूबर से बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा 22 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक राष्ट्रव्यापी खेत बचाओ अभियान चलाया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में चलने वाले इस 40 दिवसीय अभियान का शुभारंभ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान कल 22 अक्टूबर को हरियाणा के करनाल जिले के तरावड़ी से करेंगे।
*खेतों के बीच किसानों से करेंगे चौपाल चर्चा -*
शुभारंभ के दौरान कृषि मंत्री सीधे खेतों के बीच किसानों के साथ चौपाल चर्चा करेंगे और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे। इस राज्यस्तरीय समारोह में हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा सहित केंद्र और राज्य के कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
*खेत बचेगा, तभी किसान समृद्ध होगा - शिवराज सिंह चौहान*
अभियान के आगाज से पहले केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देश के किसानों के नाम संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हमारी धरती माता, पानी और किसानों का पसीना ही राष्ट्र की असली ताकत है। जब खेत की मिट्टी उपजाऊ रहेगी तभी किसान खुशहाल होगा।
उन्होंने बताया कि पिछली बार खरीफ सीजन में 93 लाख से अधिक किसानों ने इस अभियान में भाग लेकर इसे जन आंदोलन बना दिया था। इस बार भी वैज्ञानिक सीधे किसानों के खेतों तक पहुंचेंगे।
*किसानों से चार बड़े संकल्प लेने का आह्वान -*
कृषि मंत्री ने किसानों से चार प्रमुख संकल्प लेने को कहा -
1. सॉइल टेस्ट करवाकर जांच के अनुसार ही संतुलित खाद का उपयोग करें।
2. पराली को जलाने के बजाय मिट्टी में मिलाकर खाद बनाएं।
3. धान-गेहूं के अलावा दलहन-तिलहन और बागवानी को जोड़कर फसल चक्र अपनाएं।
4. प्राकृतिक खेती के साथ-साथ पीएम-किसान, फसल बीमा और केसीसी का शत-प्रतिशत लाभ उठाएं।
*1 करोड़ किसानों तक पहुंचेगा अभियान -*
लगभग एक करोड़ किसानों तक पहुंच बनाने के लक्ष्य के साथ इस अभियान के लिए कृषि विज्ञान केंद्रों और आत्मा की 4,150 से अधिक संयुक्त टीमें मैदान में उतरेंगी। इसमें 12 हजार से अधिक कृषि वैज्ञानिक और अधिकारी सीधे ग्राम पंचायत स्तर तक जाएंगे।
ये टीमें किसान चौपाल, प्रशिक्षण और खेत प्रदर्शनों के जरिए किसानों को संतुलित खाद, फसल चक्र और पराली प्रबंधन के बारे में जागरूक करेंगी, ताकि खेत बचेगा, तभी किसान समृद्ध होगा की परिकल्पना जमीन पर साकार हो सके।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |