Video

Advertisement


भण्डारपुरी धाम में गुरु दर्शन मेले में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, 29 करोड़ के सड़क कार्यों का किया भूमिपूजन
मुख्यमंत्री साय


आरंग। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज आरंग विकासखंड स्थित सतनाम पंथ के आस्था केंद्र भण्डारपुरी धाम में आयोजित गुरु दर्शन एवं संत समागम मेले में शामिल हुए। उन्होंने गुरुगद्दी आसन के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने लगभग 29 करोड़ रुपये के तीन सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
सभा को संबोधित करते हुए साय ने कहा कि संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास ने सत्य, अहिंसा, करुणा, समानता और समरसता का संदेश दिया, जो हमेशा पथ प्रदर्शक रहेगा। उनका संदेश मनखे मनखे एक समान हमें भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम और सद्भाव के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि भण्डारपुरी धाम छत्तीसगढ़ की सामाजिक सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। यह मेला आस्था और सामाजिक एकता की परंपरा का प्रतीक है। सरकार बाबा गुरु घासीदास के बताए सत्य और सामाजिक न्याय के मार्ग पर चलकर हर वर्ग के कल्याण के लिए काम कर रही है।
साय ने कहा कि सतनामी समाज के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दिल्ली में कोचिंग सुविधा की सीटें 100 से बढ़ाकर 200 की गई हैं। भण्डारपुरी में मोती महल का भूमिपूजन भी आस्था स्थलों के संरक्षण की दिशा में कदम है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण हमारा लक्ष्य है और इसके लिए सभी को बाबा गुरु घासीदास के आदर्शों को अपनाकर सहयोग करना होगा।
*29 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन*
मुख्यमंत्री ने कुल 28 करोड़ 96 लाख 82 हजार रुपये के तीन सड़क कार्यों का भूमिपूजन किया। इसमें 8 करोड़ 31 लाख 5 हजार की लागत से मोहंदी अड़सेना मार्ग के 4 किलोमीटर का चौड़ीकरण, 3 करोड़ 30 लाख 78 हजार की लागत से नरदहा में 2 किलोमीटर आंतरिक मार्ग निर्माण और 17 करोड़ 34 लाख 99 हजार की लागत से 29 किलोमीटर लंबे छतौना दरबा कूटेसर बड़गांव कुंडा नारा लखौली मार्ग के डामर नवीनीकरण का कार्य शामिल है।
*चार नए कार्यों और जैतखाम की घोषणा*
तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की मांग पर मुख्यमंत्री ने चार निर्माण कार्यों की घोषणा की। खमतराई में हाई स्कूल भवन के लिए 75 लाख, आरंग के ओड़का में प्राथमिक शाला भवन के लिए 30 लाख, मंदिर हसौद के पीएम श्री स्कूल में निर्माण के लिए एक करोड़ और चंदखुरी में नगर पंचायत कार्यालय के नए भवन के लिए 85 लाख रुपये देने की घोषणा की।
इसके साथ ही अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित करने की भी घोषणा की।कार्यक्रम में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सतनामी समाज विकास की ओर बढ़ रहा है। समाज की मांगों को संवेदनशीलता से पूरा किया गया है। सतनामी समाज के धर्मगुरु बालदास साहेब ने भी लोगों से बाबा गुरु घासीदास के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

Kolar News 21 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.